मानदेय से वंचित पीटीए शिक्षकों को पुलिस ने रोका, नगर मजिस्ट्रेट को दिया ज्ञापन

देहरादून :मानदेय से वंचित पीटीए शिक्षक
अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय ने रविवार को गांधी पार्क से मुख्यमंत्री आवास तक प्रस्तावित रैली के दौरान प्रशासन द्वारा रैली को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी गई, जिसके उपरांत पीटीए शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल द्वारा नगर मजिस्ट्रेट, देहरादून को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। नगर मजिस्ट्रेट द्वारा शिक्षकों की मांगों के संबंध में शीघ्र शासन स्तर पर वार्ता कराए जाने का आश्वासन दिया गया है।

प्रदेश के लगभग 202 मानदेय से वंचित पीटीए शिक्षक विगत कई वर्षों से विद्यालयों में सेवाएं दे रहे हैं, किंतु आज भी राजकीय मानदेय से वंचित हैं। यह विषय न केवल शिक्षकों के भविष्य से जुड़ा है, बल्कि छात्र हित एवं शिक्षा व्यवस्था से भी प्रत्यक्ष रूप से संबंधित है। वर्तमान में शासन स्तर पर विचाराधीन है तथा कैबिनेट के समक्ष निर्णय हेतु प्रस्तुत किया जाना प्रस्तावित है। उम्मीद जताई कि सरकार शीघ्र इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लेगी। किंतु यदि आगामी एक सप्ताह के भीतर सरकार द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती अथवा प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता है, तो प्रदेशभर के सभी मानदेय से वंचित पीटीए शिक्षक अगले सप्ताह से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल प्रारम्भ करने के लिए बाध्य होंगे। इसके साथ ही आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं निर्णायक स्वरूप दिया जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी।



