संदिग्ध परिस्थितियों में पेट्रोल पंप कर्मचारी की मौत, पुलिस जांच में जुटी

कीर्तिनगर: टिहरी गढ़वाल जिले के कीर्तिनगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बागवान स्थित एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक बागवान स्थित पेट्रोल पंप पर नौकरी करता था। देर रात की घटना में वह पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरों में पहले पंप से बाहर जाता हुआ दिखाई दिया। कुछ देर बाद वह दोबारा पेट्रोल पंप की ओर लौटा, लेकिन लौटने के बाद उसे अचानक खून की उल्टियां होने लगीं। हालत बिगड़ने पर उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कीर्तिनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि युवक की गतिविधियों और घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं।
पुलिस का कहना है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं – दुर्घटना, बीमारी अथवा अन्य संभावित कारणों – को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।



