#uttarakhand newsउत्तराखंडकाम की खबरचारधाम यात्राधरोहरधार्मिक

10 अक्टूबर को बंद हो जाएंगे हेमकुंड साहिब के कपाट  

परंपरा के अनुसार 10 अक्टूबर को दोपहर दो बजे शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब के कपाट, सिख लाइट इन्फैंट्री बैंड के साथ पंजाब से रागी बंधु बलराज सिंह गोविंदघाट पहुंचे, कपाट बंद होने के मौके पर धाम में रहेंगे मौजूद

देहरादून : चमोली जिले की भ्यूंडार घाटी में समुद्रतल से 15,225 फीट की ऊंचाई पर स्थित गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब के कपाट बंद करने की तैयारियां जोरों पर हैं। धाम के कपाट 10 अक्टूबर को दोपहर दो बजे बंद किए जाएंगे। इस मौके को यादगार बनाने के लिए सिख लाइट इन्फैंट्री बैंड के साथ पंजाब से रागी बंधु बलराज सिंह गोविंदघाट पहुंच चुके हैं। कपाट बंद होने के मौके पर वह धाम में शबद-कीर्तन की छटा बिखेरेंगे।

इस वर्ष हेमकुंड साहिब के कपाट 23 मई को और लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट 22 मई को खोले गए थे। दोनों धामों में इस बार रिकार्ड श्रद्धालु पहुंचे हैं। अब जबकि, धामों के कपाट बंद होने में महज तीन दिन शेष रह गए हैं तो गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट की ओर से कपाट बंद करने का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। गोविंदघाट पहुंचकर  ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि कपाट बंद होने के उत्सव को यादगार बनाने के लिए गुरुद्वारा साहिब को फूल मालाओं व रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जा रहा है।

कपाट बंद करने का कार्यक्रम

नौ अक्टूबर

गोविंदघाट से घांघरिया पहुंचेगा श्रद्धालुओं का अंतिम जत्था

10 अक्टूबर

सुबह पांच बजे : हेमकुंड साहिब रवाना होगा यह जत्था

सुबह आठ बजे : हेमकुंड साहिब पहुंचेगा जत्था

सुबह 10 बजे : सुखमणी साहिब का पाठ

सुबह 11:20 बजे : सबद-कीर्तन

दोपहर 12:30 बजे : यात्राकाल की अंतिम अरदास होगी

दोपहर एक बजे : सेना के बैंड की मधुर लहरियों के बीच पंज प्यारों की अगुआई में गुरुग्रंथ साहिब को दीवान हाल से सचखंड साहिब में सुशोभित किया जाएगा।

दोपहर दो बजे : शीतकाल के लिए गुरुद्वारा साहिब के कपाट बंद किए जाएंगे। इससे पहले निशान साहिब का चोला बदला जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button