आपदा से चेताने को आज रात 10:05 बजे 2 मिनट तक बजेगा एयर रेड सायरन, लगभग 10:30 बजे ऑल क्लियर का संकेत
सिविल डिफेंस द्वारा 28 नवंबर की रात्रि ‘नाइट एयर रेड’ एवं ‘ब्लैकआउट’ मॉक ड्रिल आयोजित
देहरादून: सिविल डिफेंस द्वारा दिनांक 28 नवंबर 2026 की रात्रि को आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों के दृष्टिगत ‘नाइट एयर रेड’ एवं ‘ब्लैकआउट’ मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है।
मॉक ड्रिल के तहत रात्रि 10:05 बजे एयर रेड अलर्ट के संकेत स्वरूप 2 मिनट तक सायरन बजाया जाएगा। इस दौरान सिविल डिफेंस टीम द्वारा एयर रेड हमले की सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) को दी जाएगी। इसके उपरांत मॉक ड्रिल के समापन एवं स्थिति सामान्य होने का संकेत देने हेतु लगभग रात्रि 10:30 बजे पुनः 2 मिनट तक सायरन बजाकर ‘ऑल क्लियर’ का संकेत दिया जाएगा।
सिविल डिफेंस की ‘नाइट एयर रेड’ एवं ‘ब्लैकआउट’ मॉक ड्रिल के लिए जनपद में तीन स्थान चिन्हित किए गए हैं, जिनमें कैपरी ट्रेड सेंटर, चकराता रोड, बन्नू स्कूल, रेसकोर्स तथा डील, रायपुर रोड शामिल हैं।
*जिला प्रशासन की जनमानस से अपील*
जिला प्रशासन द्वारा जनमानस से अपील की गई है कि मॉक ड्रिल के दौरान सायरन की आवाज सुनकर घबराएं अथवा भयभीत न हों। यह केवल आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में संबंधित एजेंसियों की तैयारियों, समन्वय एवं प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करने के उद्देश्य से आयोजित अभ्यास है।



