देवभूमि के विकास के लिए हमेशा कार्य करता रहूंगा: धामी
मुख्यमंत्री धामी ने तीन साल का कार्यकाल किया पूर्ण

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक के रूप में गुरुवार को तीन वर्ष पूर्ण कर लिए। उन्होंने प्रदेश की जनता को दिए संदेश में कहा कि जन-जन की आशाओं और आकांक्षाओं के अनुरूप इन वर्षों में देवभूमि उत्तराखण्ड के विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर समर्पित होकर कार्य किया है और आगे भी इसी प्रकार प्रदेशवासियों के सर्वांगीण और सर्वस्पर्शी विकास के लिए कार्य करता रहूंगा।
धामी ने कहा कि उनकी सरकार एक ओर जहां तुष्टिकरण, लैंड जिहाद और जबरन धर्मान्तरण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर तथा राज्य में समान नागरिक संहिता लागू कर देवभूमि के मूल स्वरूप को बनाए रखने की दिशा में आगे बढ़ी हैं, वहीं दूसरी ओर भ्रष्टाचार, नकल माफिया और दंगाइयों पर नकेल कसकर प्रदेशवासियों के भविष्य को भी सुरक्षित किया है।
कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में आज उत्तराखण्ड विकास और प्रगति के नए सोपान गढ़ रहा है। सुशासन के मार्ग पर चलते हुए उन्नति और समृद्धि की यह धारा निरंतर बहती रहे इसके लिए पूर्ण मनोयोग से कार्य कर रहा हूं। हम सभी मिलकर सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड के निर्माण में सहभागी बनें।