चंद्रकुंवर बर्त्वाल की कविताओं में आज भी जीवित है उत्तराखंड का पहाड़ और लोकसंस्कृति : बंशीधर तिवारी
स्मारिका का किया विमोचन, बोले—बच्चों को लोकगीत, लोरियां और लोककथाएं सुनाएं अभिभावक
देहरादून: हिमवंत कवि चंद्रकुंवर बर्त्वाल की कविताओं में आज भी उत्तराखंड के पहाड़, नदियां, झरने, प्रकृति और लोकसंस्कृति जीवंत हैं। उनका साहित्य प्रदेश की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत का अनमोल दस्तावेज है। यह बात सूचना महानिदेशक एवं आईएएस अधिकारी बंशीधर तिवारी ने चंद्रकुंवर बर्तवाल शोध संस्थान मसूरी की ओर से चंद्रकुंवर बर्त्वाल पर आधारित स्मारिका के विमोचन पर आयोजित कार्यक्रम में कही। इस अवसर पर उन्होंने स्मारिका का विमोचन भी किया।
पाठ्यक्रम में शामिल है जीवनी
तिवारी ने बताया कि चंद्रकुंवर बर्त्वाल की जीवनी उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित पुस्तक ‘हमारी विरासत’ में शामिल है। यह पुस्तक शैक्षणिक सत्र 2025-26 से स्कूली पाठ्यक्रम में लागू है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को प्रदेश की महान साहित्यिक और सांस्कृतिक विभूतियों से परिचित कराना है।
लोकसंस्कृति बचाने में अभिभावकों की भूमिका अहम
उन्होंने कहा कि संस्कृति केवल भाषा नहीं, बल्कि लोकगीत, लोककथाएं, खानपान, पहनावा और रीति-रिवाजों का भी समुच्चय है। अभिभावकों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी मातृभाषा में बातचीत करने के साथ लोकगीत, लोरियां और लोककथाएं सुनाएं। उन्होंने एक विद्यालय के कार्यक्रम का अनुभव साझा करते हुए बताया कि जब उन्होंने अभिभावकों से पूछा कि कितने लोग बच्चों को लोकगीत और लोरियां सुनाते हैं, तो किसी ने हाथ नहीं उठाया। यह स्थिति चिंताजनक है।
गढ़वाली फिल्मों को प्रोत्साहन, सब्सिडी दो करोड़
तिवारी ने बताया कि उत्तराखंड की फिल्म नीति के तहत क्षेत्रीय भाषा की फिल्मों को प्रोत्साहित करने के लिए सब्सिडी 25 लाख से बढ़ाकर दो करोड़ रुपये की गई है। इसके परिणामस्वरूप पिछले दो वर्षों में 40 से अधिक गढ़वाली फिल्मों का निर्माण हुआ है। उन्होंने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ का उल्लेख करते हुए इसे प्रदेश की लोकसंस्कृति के लिए गौरव बताया।
उन्होंने कहा कि इगास, हरियाला और फूलदेई जैसे पर्वों के साथ पारंपरिक विवाह संस्कारों और रीति-रिवाजों को भी संरक्षित करना जरूरी है। इसके लिए फिल्मों और अन्य माध्यमों का उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक विरासत को बचाने की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है। चंद्रकुंवर बर्त्वाल का साहित्य नई पीढ़ी को अपनी मिट्टी, प्रकृति और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।
इस मौके पर रसिक महाराज ने कहा कि चंद्रकुंवर बर्त्वाल ने अल्पायु में ही अपनी असाधारण साहित्यिक प्रतिभा से विशिष्ट पहचान बनाई। जीवन के अंतिम समय तक उनकी सृजनशीलता बनी रही। उनकी कविताओं में प्रकृति का सौंदर्य, जीवन दर्शन और संघर्ष की प्रेरणा दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की महानता उसकी उम्र से नहीं, बल्कि उसके विचारों और समाज पर छोड़े गए प्रभाव से तय होती है। उन्होंने पत्रकारों को सुरक्षा देने की भी मांग उठाई।
इसके अलावा वरिष्ठ पत्रकार जय सिंह रावत, जयप्रकाश उत्तराखंडी, प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा, राज्य मंत्री देवेंद्र भसीन, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला ने भी विचार व्यक्त किए। इस मौके पर जगदीश बाबला, राजेन्द्र बडोनी, दिनेश बडोनी, मुनिराम सकलानी, भूपत बिष्ट, शक्ति बर्त्वाल, दर्द गढ़वाली आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन शीशपाल गुसाईं ने किया, जबकि आयोजक शूरवीर सिंह भंडारी ने आभार व्यक्त किया।



