#uttarakhand newsउत्तराखंडदुर्घटना

कीर्तिनगर के पास बस और टाटा सूमो की भिड़ंत, चालक घायल

श्रीनगर: कीर्तिनगर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर कैलाश होटल के पास एक सड़क हादसे में सर्विस बस और टाटा सूमो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि टाटा सुमो चालक घायल हो गया। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और बड़ा हादसा टल गया।

सोमवार दोपहर करीब 1:25 बजे डायल 112 के माध्यम से थाना कीर्तिनगर की एमडीटी पर कैलाश होटल के पास दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

जांच में सामने आया कि बस संख्या UK11PA-0933 और टाटा सूमो संख्या UK13TA-0371 की आमने-सामने टक्कर हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। टाटा सुमो में केवल चालक ही सवार था, जिसे चोटें आईं। घायल चालक को तत्काल निजी वाहन से बेस अस्पताल श्रीनगर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति सामान्य बताई।

घायल चालक की पहचान विकास कुमार (28) पुत्र नरेंद्र लाल, निवासी ग्राम सौर तल्ला, पट्टी चलणस्यूँ, जनपद पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है। पुलिस ने चालक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

बताया गया कि बस में करीब 31 से 32 यात्री सवार थे। बस को कल्याण बिष्ट (37) पुत्र स्व. मदन सिंह, निवासी ग्राम कालीमाटी, पोस्ट मालकोट, जनपद चमोली चला रहे थे, जबकि परिचालक अनूप सिंह रावत (31) पुत्र सुरेंद्र सिंह, निवासी ग्राम कोठी, पोस्ट जैटा, कर्णप्रयाग था।

जानकारी के अनुसार, यह सर्विस बस नंदानगर-घाट से हरिद्वार जा रही थी, जबकि टाटा सूमो श्रीनगर की ओर आ रही थी। हादसे के बाद बस में सवार सभी यात्रियों की स्थिति सामान्य पाई गई। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए बस चालक और परिचालक द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button