सीएम ने नई टिहरी को दी 415 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
दो किलोमीटर लंबा रोड शो किया

नई टिहरी: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को एक दिवसीय नई टिहरी भ्रमण के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी दो किमी लंबे विशाल रोड शो में शामिल हुए। रोड शो के दौरान हज़ारों की संख्या में स्थानीय जनता ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 415 करोड़ की 160 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री धामी ने हज़ारों की संख्या में नई टिहरी पहुँचे स्थानीय जनता, महिला स्वयं सहायता समूहों, युवाओं और स्कूली छात्र-छात्राओं इस भव्य अभिवादन के लिए आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपद के महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों हस्तशिल्प और हस्तकला प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने स्वयं जॉन्दरा चलाकर महिलाओं को प्रोत्साहित भी किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने इन्वेस्टर्स समिट के दौरान टिहरी में हुए 3900 करोड़ के एमओयू में से 2400 करोड़ की ग्राउंडिंग का भी शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सम्मानित कर स्कूली छात्र-छात्राओं को 2025 तक ड्रग्स फ्री देवभूमि बनाने की भी शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री ने बेटी ब्वारयूँ कु कौथिग की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मातृशक्ति के बिना राष्ट्र का विकास संभव नहीं है, उत्तराखंड राज्य निर्माण में मातृशक्ति का योगदान अमूल्य है।