उत्तराखंड में अगले 7 दिन तक बदलता रहेगा मौसम
देहरादून: उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी वाला मौसम देखा जा रहा है। इससे बदरीनाथ और केदारनाथ जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में जोरदार बर्फबारी हुई है। केदारनाथ में लगभग चार फुट और बदरीनाथ में 2 फुट तक बर्फ जम चुकी है जो मार्च के महीने में पिछले कई वर्षों की तुलना में सबसे अधिक है। वहीं देहरादून और हरिद्वार सहित मैदानी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 7 दिन तक कई जिलों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है।

अगले 24 घंटे का हाल
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी दी है। इन्हीं जिलों में 3300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाली जगहों पर गरज चमक के साथ बर्फबारी की भी संभावना है। देहरादून, टिहरी और नैनीताल जिलों में कुछ जगहों पर गरज चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
22 मार्च को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने 22 मार्च को उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ जगहों पर आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। इन्हीं जिलों में 3300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बर्फबारी की भी चेतावनी जारी की गई है। उत्तराखंड के बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
23 मार्च के मौसम का अपडेट
मौसम विभाग ने 23 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इन्हीं जिलों के 3300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर गरज चमक के साथ बर्फबारी की चेतावनी दी है। उत्तराखंड के बाकी पहाड़ी जिलों में गरज चमक के साथ छिटपुट हल्की बारिश की संभावना है।मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है।



