#uttarakhand newsउत्तराखंडदुर्घटना

देवप्रयाग के पास कार नदी में समाई, लापता सवारों की तलाश 

श्रीनगर में कार और स्कूटी की टक्कर, युवक-युवती घायल

श्रीनगर/टिहरी:देवप्रयाग ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर थाना देवप्रयाग क्षेत्र के चकासा स्थित गंगा होटल दर्शन के समीप एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां एक इनोवा वाहन 200 मीटर गहरी खाई में गिरने के बाद गंगा नदी में गिर गया। सूचना मिलते ही थाना देवप्रयाग पुलिस टीम और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद राहत बचाव दल की टीमें वाहन की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, देवप्रयाग क्षेत्र के चकासा में एक इनोवा कार वाहन संख्या UK 08 TA 5433 अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिरने के बाद गंगा नदी में समा गई। हादसा इतना भीषण था कि सड़क किनारे लगा क्रैश बैरियर भी वाहन को रोक नहीं सका। कार बैरियर को तोड़ते हुए सीधे गहरी खाई में जा गिरी और तेज बहाव वाली गंगा नदी में समा गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना देवप्रयाग पुलिस टीम और संबंधित क्षेत्र के पटवारी मौके पर पहुंच गए। वहीं राहत एवं बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ की श्रीनगर, ब्यासी और ढालवाला से तीन टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गई हैं।

पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीमें गंगा नदी में वाहन और उसमें सवार लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं। ताजा जानकारी के अनुसार, वाहन और उसमें सवार लोगों के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई थी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घटनास्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करें।


 

बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग, श्रीनगर डैम साइड के पास स्कूटी और कार की भिड़ंत, युवती गंभीर घायल

चारधाम यात्रा मार्ग पर वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील

श्रीनगर गढ़वाल, 2 जून। बद्रीनाथ-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह डैम साइड के पास स्कूटी और कार के बीच हुई जोरदार टक्कर में दो लोग घायल हो गए, जिनमें एक युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों घायलों को तत्काल बेस अस्पताल श्रीकोट में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:30 बजे स्कूटी संख्या UK13A और अर्टिगा कार संख्या PB01C की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में स्कूटी सवार युवक निवासी ग्राम कोलू, चोपता (रुद्रप्रयाग) तथा युवती निवासी ग्राम क्यूड़ी, चोपता (रुद्रप्रयाग) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को पुलिस एवं निजी वाहन की सहायता से तत्काल बेस अस्पताल श्रीकोट पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार युवती की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जबकि दोनों का उपचार जारी है। पुलिस ने घायलों के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है।

दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, हालांकि पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु कर दिया। कार चालक निवासी रणजीतपुरा, छेहरटा (पंजाब) पुलिस चौकी श्रीकोट में मौजूद है और मामले की जांच की जा रही है।

चारधाम यात्रा के दौरान लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव के बीच यह दुर्घटना एक बार फिर वाहन चालकों को सतर्कता और संयम के साथ वाहन चलाने की सीख दे रही है। पुलिस ने यात्रियों और स्थानीय वाहन चालकों से राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button