बदरीनाथ धाम मंदिर में चढ़ावा चोरी की होगी जांच, चार सदस्यीय कमेटी गठित
बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के सीईओ सोहन रांगड़ निगरानी में चार सदस्य टीम बदरीनाथ धाम कथित चोरी के मामले की जांच करेंगी
देहरादून: बदरीनाथ धाम मंदिर में कथित चोरी के मामले को बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने काफी गंभीरता से लिया है। यही कारण है कि मामला सामने आने के बाद बीकेटीसी ने कथित चोरी के मामले की जांच के लिए चार सदस्य कमेटी का गठन किया है।
बीकेटीसी से मिली जानकारी के अनुसार, बदरीनाथ धाम मंदिर चढ़ावा वित्तीय अनियमतिता मामले की जांच के लिए बीकेटीसी सीईओ सोहन रांगड़ के निर्देशन में चार सदस्यीय टीम का गठन किया है।
प्रकरण मामले में चार सदस्यीय टीम में शिशुपाल सिंह बर्तवाल, विधि अधिकारी,
हेम कांडपाल, वित्त नियंत्रक,
राजन नैथानी,मुख्य प्रशासनिक अधिकारी और प्रभारी अधिकारी केदारनाथ, डबर सिंह भुजवान शामिल हैं। इन चारों लोगों को जांच समिति में शामिल किया गया है और यह सभी मिलकर CEO को रिपोर्ट करेंगे।
पूरा मामला जानिए: दरअसल, भैरव सेना संगठन के संस्थापक अध्यक्ष संदीप खत्री ने बीकेटीसी एक कर्मचारी पर गंभीर आरोप लगाया था। संदीप खत्री का आरोप है कि उन्हें इस तरह की सूचना मिली है कि बदरीनाथ मंदिर में भी चोरी हुई है। चोरी भी बीकेटीसी के कर्मचारी ने ही की है। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। इसके बाद उन्होंने बीकेटीसी के सीईओ को इस मामले की जांच के लिए पत्र लिखा था।
बीकेटीसी का जवाब: इस मामले पर कल तीन जुलाई को ही बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी का भी बयान आ गया था। उन्होंने कहा था कि इस तरह का मामला उनके संज्ञान में आया है। इसीलिए उन्होंने खुद मामले की जांच के आदेश दिए है। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने साफ किया है कि जांच में यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं आज इस मामले में बीकेटीसी सीईओ सोहन रांगड़ की निगरानी में चार सदस्य जांच कमेटी का भी गठन कर दिया है, जो जल्द ही अपनी रिपोर्ट बीकेटीसी अध्यक्ष को सौंपेगी।



