दहशत: विष्णु लोक कालोनी में तीन लोगों की दिनदहाड़े हत्या, फैली सनसनी
- दून के रायपुर क्षेत्र में मकान नंबर 16 में लूट के इरादे से घुसा था बदमाश, विरोध करने पर पेचकस से ताबड़तोड़ वार करकी हत्या
देहरादून: रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े हुई वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। मकान नंबर 16 में घुसे एक आरोपी ने कथित तौर पर पहले बुजुर्ग महिला के गले से चेन लूटी और विरोध करने पर पेचकस से हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर बचाने पहुंची नौकरानी और बुजुर्ग पति पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीनों की अस्पताल ले जाने के बाद मौत हो गई।
घटना दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है। उस समय 85 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और करीब 45 वर्षीय नौकरानी शीला घर में मौजूद थीं। आरोप है कि आरोपी ने रजनी कपूर के गले से चेन छीन ली। विरोध करने पर उसने पेचकस से उन पर कई वार किए। उनकी चीख सुनकर शीला मौके पर पहुंचीं तो आरोपी ने उन्हें भी निशाना बना दिया। इसके बाद रमेश कपूर पर भी पेचकस से हमला किया गया। तीनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसी, आरोपी को दबोचा
वारदात के दौरान शोर सुनकर पड़ोसी भारती भंडारी समेत आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी भागने लगा और पेचकस दिखाकर उन्हें डराने का प्रयास किया। हालांकि पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। बताया गया कि पकड़ने के दौरान लोगों ने आरोपी की पिटाई भी की।
घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन करीब 10 मिनट इंतजार के बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंची। इसके बाद पड़ोसी अपने वाहनों से तीनों को अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस लूट के साथ ही वारदात के पीछे किसी अन्य वजह की भी जांच कर रही है।



