रामजन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक आज, चंपतराय के भविष्य पर होगा फैसला
अयोध्या: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक सोमवार को होगी। बैठक के स्थान में बदलाव किया गया। श्री राम जन्मभूमि मंदिर परिसर में यह बैठक होगी। पहले ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के आश्रम मणिराम दास छावनी में यह बैठक होनी थी। दोपहर 3 बजे मंदिर परिसर में होगी बैठक। गोपाल नागर ने यह जानकारी दी। बैठक में राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले पर गहन चर्चा होगी।

बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय और सदस्य अनिल मिश्रा के भविष्य पर भी फैसला हो सकता है। हालांकि यह दोनों लोग पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं, लेकिन इस्तीफा अभी मंजूर नहीं हुआ है। इसलिए यह दोनों भी बैठक में उपस्थित रहेंगे। इस बीच, चढ़ावा चोरी के मामले में चंपतराय के ड्राइवर टिन्नू यादव समेत आठ लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इस बीच, ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि का बयान आया है कि उन्होंने कभी भी ट्रस्ट के एक भी पैसे का अपने लिए प्रयोग नहीं किया।


इधर, राम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े कथित गबन और चोरी के मामले में सियासत तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने दावा किया कि राम जन्मभूमि मंदिर गबन मामले के आरोपियों में शामिल रामाशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव की समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव से कई बार फोन पर बातचीत हुई थी। उन्होंने कहा, ‘समाजवादी पार्टी की सच्चाई धीरे-धीरे सामने आ रही है। यह भी सामने आ रहा है कि टिन्नू यादव की अखिलेश यादव से कई बार फोन पर बात हुई थी। जैसे-जैसे इस मामले की परतें खुलेंगी, देश को पता चल जाएगा कि इन चोरी की घटनाओं के पीछे कौन लोग थे।



