#uttarakhand newsउत्तराखंडकाम की खबर

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे हो गया बंद, पहले सड़कों पर गड्ढे, अब आ गया भारी मलबा

देहरादूनः दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे उद्घाटन के कुछ ही समय बाद सवालों के घेरे में आ गया है। पहले सड़क पर गड्ढों का वीडियो वायरल हुआ और अब बारिश के बाद पहाड़ी से भारी मलबा आने के कारण एक्सप्रेसवे को बंद करना पड़ा है। दरअसल, देहरादून से दिल्ली की ओर जाने वाला दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे एक बार फिर बाधित हो गया है। देर रात हुई भारी बारिश के बाद पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा एक्सप्रेसवे पर आ गिरा, जिसके चलते यातायात को पूरी तरह रोक दिया गया है। फिलहाल देहरादून से दिल्ली जाने वाले वाहनों को पुराने मार्ग से डायवर्ट किया जा रहा है।

एनएचआई की टीम मलबा हटाने में जुटी
एनएचएआई की टीम और मशीनें मौके पर मलबा हटाने में जुटी हैं ताकि जल्द से जल्द यातायात बहाल किया जा सके। हालांकि यह पहली बार नहीं है, जब एक्सप्रेसवे सवालों के घेरे में आया हो। कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक्सप्रेसवे पर गड्ढों का वीडियो भी वायरल हुआ था। अब उद्घाटन के महज दो महीने के भीतर बारिश के दौरान मलबा आने से इसकी सुरक्षा व्यवस्था, पहाड़ी कटिंग और निर्माण गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगा है।

वीडियो वायरल होने के बाद दो अधिकारी हुए थे निलंबित
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के एक हिस्से के धंसने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने कड़ी कार्रवाई करते हुए प्राधिकरण अभियंता की टीम के प्रमुख और ठेकेदार के परियोजना प्रबंधक को निलंबित कर दिया है। प्राधिकरण के अनुसार, बारिश के बाद पानी जमा हो जाने के कारण सड़क का हिस्सा धंस गया था। एनएचएआई ने बयान में कहा कि संबंधित परियोजना निदेशक, प्राधिकरण अभियंता और ईपीसी (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन) ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस भी जारी किए गए हैं।

बारिश का पानी जमा होने से हो गया था गड्ढा

प्राधिकरण ने कहा कि एक जुलाई, 2026 को दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे पर सड़क की सतह धंसने की घटना सामने आई थी। यह घटना 30 जून की रात हुई बारिश के कारण एक स्थान पर पानी जमा होने और वहां स्थायी जल निकासी प्रणाली चालू नहीं हो पाने की वजह से हुई थी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button