राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता और गौरव की भावना का उत्सव है हर घर तिरंगा अभियान: मुख्यमंत्री
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सीएम आवास में तिरंगा लगाकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश दिया। साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ अपने-अपने घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराकर इस जनभागीदारी अभियान को सफल बनाएं। इसके साथ ही भारत सरकार के निर्देश पर भारत विभाजन की दुःखद स्मृतियों और उससे जुड़ी वास्तविकताओं के प्रति आम जनमानस में जागरूकता उत्पन्न करने के लिए प्रदेश भर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा हर घर तिरंगा अभियान सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता और गौरव की भावना का उत्सव है। तिरंगा देश की अस्मिता, स्वाभिमान, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। हर नागरिक का कर्तव्य है कि वो राष्ट्रध्वज के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ हर घर तिरंगा अभियान आज जन-जन का अभियान बन चुका है। ये अभियान हर नागरिक को राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने का जरिया है। उत्तराखण्ड की वीरभूमि ने देश की रक्षा और सेवा में सदैव अग्रणी भूमिका निभाई है, इसलिए प्रदेश का हर परिवार इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रभक्ति की अपनी गौरवशाली परंपरा को और सशक्त बनाएं।



