पीपलकोटी टनल में 22 मजदूर फंसे, 10 से अधिक को सुरक्षित निकाला
चमोली: जिले के पीपलकोटी क्षेत्र के मायापुर में निर्माणाधीन DRT टनल के भीतर मलबा और पानी आने से गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। हादसे के दौरान सुरंग के अंदर मौजूद 22 मजदूरों के फंसने की सूचना से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन, पुलिस, SDRF, NDRF और सुरक्षा बलों की टीमें मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान अब तक 10 से अधिक मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि सुरंग के भीतर फंसे अन्य मजदूरों को निकालने के लिए बचाव दल लगातार जुटे हुए हैं। हादसे में कुछ मजदूरों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि सुरक्षित बाहर निकाले गए मजदूरों को तत्काल उपचार और चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर ले जाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से मौके पर राहत एवं बचाव कार्य की लगातार निगरानी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि पीपलकोटी क्षेत्र में THDC की निर्माणाधीन परियोजना के तहत DRT टनल का निर्माण कार्य चल रहा है। इसी दौरान अचानक टनल के भीतर मलबा और पानी भर गया, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर फंस गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, SDRF, NDRF और अन्य सुरक्षा बलों का संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। बचाव दल सुरंग के भीतर पहुंचकर फंसे मजदूरों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे हैं। प्रशासन का पूरा जोर सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने पर है।



