हिंदू रक्षा दल ने बटवारा फिल्म का किया विरोध
देहरादून: हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने फिल्म ‘बटवारा 1947’ के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने राजपुर रोड स्थित न्यू अंपायर सिनीमा हॉल मे फिल्म के पोस्टर हटाने की मांग करते हुए सिनेमा हॉल के बाहर जमकर नारेबाजी की। विरोध के बाद सिनेमा हॉल प्रबंधन को फिल्म के पोस्टर हटाने पड़े। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने फिल्म अभिनेता आमिर खान के खिलाफ जमकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि फिल्म में भारत-पाकिस्तान विभाजन से जुड़े विषय को इस तरह प्रस्तुत किया गया है, जो पाकिस्तान के हित में जाता है। उन्होंने फिल्म से जुड़े कलाकारों और निर्माताओं पर भी सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों ने फिल्म पर कथित तौर पर ‘जिहादी विचारधारा’ को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। साथ ही फिल्म में अभिनेता सनी देओल के किरदार को नकारात्मक रूप में प्रस्तुत किए जाने पर भी आपत्ति जताई।
हिंदू रक्षा दल ने कहा इस तरह की फिल्मों का भारत में विरोध जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने आमिर खान को निशाने पर लेते हुए कहा कि यदि ऐसी फिल्में केवल पैसे कमाने के लिए बनाई जा रही हैं तो इन्हें पाकिस्तान विरोधी फ़िल्म पाकिस्तान मे रिलीज करके दिखाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा पाकिस्तान के हित से जुड़ी किसी भी फिल्म को उत्तराखंड और भारत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए। साथ ही फिल्म के पोस्टर जलाये. हिंदू रक्षा दल ने चेतावनी दी कि फिल्म के विरोध में उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
‘बंटवारा 1947’ भारत पाकिस्तान विभाजन पर बनी एक फिल्म है। फिल्म को इसे राजकुमार संतोषी ने निर्देशित किया है। आमिर खान ने निर्मित किया है. इस फिल्म में सनी देओल, प्रीति जिंटा और शबाना आज़मी मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म असगर वजाहत के प्रसिद्ध नाटक ‘जिस लाहौर नई वेख्या, ओ जम्या ए नई’ से प्रेरित है।



