गढ़वाल विवि की फर्जी डिग्री से मैनेजर की नौकरी, एक और आरोपी गिरफ्तार
फर्जी बीबीए की मार्कशीट और डिग्री बनवाकर कंपनी में कर रहा था नौकरी, पूर्व में दो आरोपी जा चुके हैं जेल
श्रीनगर: हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के नाम, अंकतालिका और डिग्री समेत अन्य दस्तावेजों की कूटरचना कर उनका इस्तेमाल करने के मामले में पौड़ी पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीसरे आरोपी मनजीत सिंह (33) को दक्षिणी दिल्ली के बसंत विहार से दबोचा। आरोप है कि उसने गढ़वाल विश्वविद्यालय की फर्जी बीबीए की अंकतालिका और डिग्री तैयार करवाई और इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर एक कंपनी में मैनेजर के पद पर नौकरी हासिल कर ली।
इस मामले में पुलिस पूर्व में नामजद आरोपी कासिफ कलीम और प्रकाश में आए आरोपी देवांश पांडे को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उनका इस्तेमाल करने वाले अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
परीक्षा नियंत्रक की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा :
गढ़वाल विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक जय सिंह चौहान ने 25 मार्च 2026 को कोतवाली श्रीनगर में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कासिफ कलीम और अन्य व्यक्तियों द्वारा विश्वविद्यालय के नाम, अंकतालिकाओं, उपाधि प्रारूपों, विश्वविद्यालय की मोहरों और संबंधित अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर तैयार कर कूटरचित दस्तावेजों को वास्तविक एवं प्रमाणिक अभिलेखों के रूप में विभिन्न स्थानों पर इस्तेमाल किया गया।
शिकायत के आधार पर कोतवाली श्रीनगर में मुकदमा अपराध संख्या 19/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336(3), 336(4), 338 और 340(2) के तहत विवेचना शुरू की गई।
जांच में सामने आई तीसरे आरोपी की भूमिका :
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने नामजद आरोपियों के साथ ही अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की पहचान और गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एएसपी कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और सीओ श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण तथा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस की ओर से लगातार की जा रही सुरागरसी, पतारसी और सूचना संकलन के दौरान मनजीत सिंह की भूमिका सामने आई। जांच में पता चला कि आरोपी के पास गढ़वाल विश्वविद्यालय की फर्जी बीबीए अंकतालिका और डिग्री थी और वह इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर एक कंपनी में मैनेजर के पद पर नौकरी कर रहा था। पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस टीम ने उसे दिल्ली के बसंत विहार से गिरफ्तार कर लिया।
हरियाणा का रहने वाला है आरोपी :
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनजीत सिंह पुत्र सतवीर सिंह, निवासी ग्राम संतोखपुरा, थाना सदर, तहसील चरखी दादरी, जिला भिवानी, हरियाणा के रूप में हुई है। उसकी उम्र 33 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इन धाराओं में दर्ज है मुकदमा :
मुकदमा अपराध संख्या 19/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336(3), 336(4), 338 एवं 340(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में सामने आने वाले अन्य तथ्यों और आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।



