लखनऊ में यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन दिव्या मिश्रा की हत्या, पति मानस बाजपेयी ने ही मारी गोली
बाद में मानस ने अपनी बहन को गोली मारकर खुद भी आत्महत्या कर ली
लखनऊ : गोमतीनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई। बैंक अधिकारी पत्नी और अपनी बहन की गोली मारकर हत्या करने के बाद बैंककर्मी पति ने खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। मृतका दिव्या मिश्रा मशहूर यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं। घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलने पर प्रज्ञा मिश्रा ने फेसबुक पर पोस्ट कर बताया कि उन्हें अभी फोन आया है कि गोमतीनगर में उनकी बहन को गोली मार दी गई है और वह लोहिया अस्पताल में हैं। उन्होंने अपनी बहन की सलामती के लिए लोगों से प्रार्थना की अपील की थी।
जानकारी के मुताबिक, दिव्या मिश्रा आईसीआईसीआई बैंक में असिस्टेंट मैनेजर थीं और आलमबाग में रहती थीं। गुरुवार दोपहर उनके पति मानस बाजपेई ने उन्हें बैंक के बाहर फोन कर ऑफिस से बाहर बुलाया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद मानस ने दिव्या को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि दिव्या ने करीब एक साल पहले पति मानस से तलाक के लिए अदालत में अपील दायर की थी। घटना के बाद मानस सीधे करीब दो किलोमीटर दूर अपने घर पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह पसीने से बुरी तरह भीगा हुआ था। घर के अंदर जाने के बाद उसने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया।
इसके बाद मानस ने अपनी बहन शीबा बाजपेई को गोली मार दी। फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वारदात से पहले मानस ने वॉट्सऐप पर एक स्टेटस भी लगाया था। इसमें उसने पत्नी की हत्या करने की बात लिखी और आरोप लगाया कि उसने उसे धोखा दिया।



