बारिश का रेड अलर्ट: श्रीनगर में रोकी गई यात्रा, यात्रियों को यहीं ठहरने की सलाह
सिरोबगड़ और फरासू में बार-बार गिर रहा मलबा-पत्थर, श्रीनगर बस अड्डे पर लगाया बैरियर

श्रीनगर गढ़वाल: लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बीच ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने अस्थायी तौर पर यात्रा पर रोक लगा दी है। सिरोबगड़ और फरासू में पहाड़ी से लगातार मलबा और पत्थर गिरने के कारण हाईवे बार-बार बाधित हो रहा है। ऐसे में श्रीनगर में ही यात्रियों को रोकने की व्यवस्था की गई है।

श्रीनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि लगातार बारिश के चलते सिरोबगड़ में पहाड़ी से बार-बार मलबा और पत्थर गिर रहे हैं। इससे मार्ग कई बार बंद हो रहा है। वहीं फरासू क्षेत्र में भी पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। लगातार बन रही इन परिस्थितियों को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन की ओर से अस्थायी तौर पर यात्रा रोकने का निर्णय लिया गया है।
इसी क्रम में श्रीनगर बस अड्डे के समीप बैरियर लगाया गया है। यहां पुलिस यात्रियों को आगे जाने से रोकते हुए मौसम और सड़क की स्थिति सामान्य होने तक श्रीनगर में ही रुकने की सलाह दे रही है। पुलिस की ओर से यात्रियों से सहयोग करने और अनावश्यक जोखिम न लेने की अपील की गई है।
सिरोबगड़-फरासू में खतरा बरकरार :
लगातार बारिश के कारण सिरोबगड़ और फरासू में पहाड़ी से मलबा व पत्थर गिरने का सिलसिला जारी है। मार्ग के बार-बार बंद होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। पुलिस-प्रशासन की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि मौसम साफ होने और मार्ग सुरक्षित होने तक यात्रा करने से बचें।



