#uttarakhand newsउत्तराखंडचर्चा में

उत्तराखंड में दीपावली की धूम, दीपों की रोशनी से जगमगाए शहर और गांव, पटाखों से गूंजी राजधानी 

देहरादून:  उत्तराखंड में रविवार को दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। प्रदेशभर में दीपावली को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। देहरादून से लेकर हरिद्वार, ऋषिकेश, हल्द्वानी और पर्वतीय क्षेत्रों तक घरों, बाजारों, मंदिरों और प्रतिष्ठानों को रंग-बिरंगी लाइटों एवं फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया।

दीपावली की शाम होते ही लोगों ने अपने घरों में दीपक जलाकर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद आतिशबाजी और पटाखों के साथ पर्व की खुशियां मनाई गईं। बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

बाजारों में दीपावली से पहले ही रौनक छाई रही। मिठाइयों, फूलों, मिट्टी के दीपकों, सजावटी सामान और पूजन सामग्री की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। व्यापारियों के चेहरों पर भी अच्छी खरीदारी से खुशी नजर आई।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी दीपावली की परंपरागत छटा देखने को मिली। लोगों ने घरों की साफ-सफाई कर आकर्षक सजावट की तथा परिवार और मित्रों के साथ मिलकर खुशियां बांटीं। कई स्थानों पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ दीपोत्सव मनाया गया।

दीपावली के अवसर पर लोगों ने एक-दूसरे को मिठाइयां बांटकर शुभकामनाएं दीं और सुख-समृद्धि की कामना की। पर्व ने आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

दीपावली के इस पावन अवसर पर पूरा उत्तराखंड दीपों की रोशनी से सराबोर नजर आया।

——————————–

सीएम ने परिवार के साथ मनाई दीपावली

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली का पावन पर्व अपने परिवार के साथ शासकीय आवास में हर्षोल्लास, उल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी श्रीमती गीता धामी तथा दोनों पुत्र भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने परिवार के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर प्रकाश के इस महापर्व को मनाया और दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली केवल दीपों का त्योहार नहीं, बल्कि यह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारिवारिक मूल्यों, आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपने जीवन में सकारात्मकता, सेवा, सहयोग और मानवता के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि प्रकाश का यह पर्व प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा का संचार करे। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड निरंतर विकास, उन्नति और खुशहाली के नए आयाम स्थापित करे तथा राज्य का प्रत्येक नागरिक समृद्ध और सुरक्षित भविष्य की ओर अग्रसर हो।

मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों से दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता के साथ मनाने की अपील भी की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button