धामी कैबिनेट के 23 प्रस्तावों पर लगी मुहर, वन आरक्षी भर्ती की आयु सीमा 28 वर्ष, मेडिकल पीजी डॉक्टरों को दो साल की सरकारी सेवा अनिवार्य

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। कैबिनेट के फैसलों में युवाओं, कर्मचारियों, स्वास्थ्य सेवाओं, किसानों, आवास और परिवहन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल रहे। बैठक के बाद मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी ने प्रेस वार्ता कर फैसलों की जानकारी दी।
कैबिनेट ने वन आरक्षी भर्ती के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी है। यह छूट 31 दिसंबर 2028 तक लागू रहेगी। वहीं, सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले चिकित्सकों के लिए दो साल की अनिवार्य सरकारी सेवा का बॉन्ड लागू करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इन चिकित्सकों को दुर्गम और पर्वतीय क्षेत्रों के अस्पतालों में सेवाएं देनी होंगी।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर निर्णय लेने के लिए कैबिनेट ने मुख्यमंत्री को अधिकृत किया है। वहीं, कर्मचारी राज्य बीमा योजना में फार्मासिस्ट की सीधी भर्ती के लिए डी-फार्मा के साथ बी-फार्मा डिग्रीधारकों को भी पात्रता प्रदान की गई है।
किसानों और चीनी मिलों को राहत देते हुए पेराई सत्र 2026-27 के लिए बाजपुर, नादेही, किच्छा और डोईवाला चीनी मिलों को बैंकों से ऋण लेने के लिए कुल 207.75 करोड़ रुपये की सरकारी गारंटी देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
शहरी विकास और परिवहन के क्षेत्र में हरिद्वार के लिए प्रस्तावित पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (पीआरटी) यानी पॉड टैक्सी परियोजना को भी स्वीकृति मिली है। इसके तहत तीन कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे। परियोजना की कुल लंबाई 21.08 किलोमीटर होगी और इसमें 21 स्टेशन प्रस्तावित हैं।
ऋषिकेश के बापूग्राम की 594.90 एकड़ आरक्षित वन भूमि को डी-नोटिफाई करने के प्रस्ताव पर कैबिनेट ने सैद्धांतिक सहमति दी है। अब राज्य सरकार की ओर से प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। केंद्र की स्वीकृति के बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी होगी।
खनन क्षेत्र में जिला खनिज फाउंडेशन न्यास के तहत लिए जाने वाले अंशदान एवं क्षतिपूर्ति शुल्क में बदलाव किया गया है। वहीं, महायोजना में भू-उपयोग परिवर्तन की दरों में कमी करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। भवन निर्माण एवं विकास उपविधियों में शिथिलता देने के लिए भी नए मानक निर्धारित किए गए हैं।
कैबिनेट ने ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव के लिए नई नीति-2026 को मंजूरी दी। आबकारी विभाग में पांच उप आबकारी आयुक्त और छह सहायक आबकारी आयुक्त समेत कुल 11 नए पद सृजित किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली-2026 के तहत सामाजिक सुरक्षा कोष के गठन, सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष के एक अतिरिक्त पद, सेतु आयोग के आईटी सेवा ढांचे, एक्स-रे तकनीशियन सेवा नियमावली में संशोधन तथा लेखा परीक्षा राजपत्रित सेवा नियमावली में संशोधन को मंजूरी दी गई।
कैबिनेट ने एनएचआईडीसीएल को राज्य में निर्माण कार्यों के लिए सूचीबद्ध कार्यदायी संस्थाओं के पैनल से हटाने का निर्णय लिया। इसके अलावा राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली में बदलाव के लिए मंत्रिमंडलीय उपसमिति गठित करने, महाधिवक्ता कार्यालय की सेवा नियमावली में संशोधन और उत्तराखंड पंचम विधानसभा के वर्ष 2026 के तृतीय सत्र के सत्रावसान को भी मंजूरी दी गई।



