उत्तराखंडचुनाव आयोगलोकसभा चुनाव

उत्तराखंड में भगवा लहर, पांचों सीटों पर भाजपा का कब्जा 

भाजपा ने दोहराया इतिहास, लगाई हैट्रिक, विपक्ष चारों खाने चित हरिद्वार से त्रिवेंद्र, टिहरी से माला राज्यलक्ष्मी, पौड़ी से बलूनी, नैनीताल से अजय भट्ट और अल्मोड़ा से अजय टम्टा विजयी 

देहरादून: उत्तराखंड में लोकसभा की पांचों सीटों हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, अल्मोड़ा और नैनीताल-ऊधमसिंह नगर पर भाजपा ने बंपर जीत दर्ज कर हैट्रिक लगाई है। पिछले लोकसभा चुनाव में भी भाजपा ने सभी सीटों पर क्लीन स्वीप किया था और अब इतिहास को दोहराते हुए एक बार फिर बाजी मार ली है।

    टिहरी गढ़वाल सीट पर भाजपा ने एक बार फिर जीत दर्ज की। यहां भाजपा की माला राज्यलक्ष्मी शाह ने कांग्रेस के जोत सिंह गुनसोला को 2 लाख से ज्यादा वोटों से शिकस्त दी है। टिहरी गढ़वाल सीट पर पिछली बार भाजपा ने रिकॉर्ड जीत हासिल की थी। इस बार भी यहां भाजपा और कांग्रेस में कड़ा मुकाबला माना जा रहा था, लेकिन नतीजा भाजपा के पक्ष में रहा।

इसी तरह, पौड़ी गढ़वाल संसदीय सीट पर भी भाजपा ने जीत दर्ज की। इस सीट से भाजपा प्रत्याशी  मुख्य प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी ने कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को 124850 वोटों से हराया। गोदियाल ने बलूनी के खिलाफ खासा माहौल बनाया था, लेकिन जनादेश के आगे उन्हें मुंह की खानी पड़ी।

   हरिद्वार लोकसभा सीट पर इस बार भी भाजपा ने बाजी मारी। इस बार रमेश पोखरियाल निशंक की जगह भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को मैदान में उतारा था। त्रिवेंद्र ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के बेटे वीरेंद्र रावत को डेढ़ लाख से ज्यादा वोटों से हराकर जीत दर्ज की।

 

 नैनीताल लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट ने बंपर जीत दर्ज की है। अजय भट्ट ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश जोशी को सवा तीन लाख से ज्यादा वोटों से हराया। जीत के बाद अजय भट्ट ने कार्यकर्ताओं के साथ जनता का आभार जताया। अजय भट्ट ने इस जीत को पीएम मोदी के नेतृत्व की जीत बताया। अजय भट्ट ने कहा कि नैनीताल जनपद की जनता का प्यार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिला है।

अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ संसदीय सीट पर भी भाजपा ने बाजी मार ली है। भाजपा उम्मीदवार अजय टम्टा ने जीत हासिल की है। अजय टम्टा ने कांग्रेस के प्रदीप टम्टा को दो लाख से ज्यादा वोटों से हराया। प‍िछला चुनाव भी अजय टम्‍टा ने जीता था। चीन, नेपाल और गढ़वाल सीमा से सटी व 4 जिलों में फैली हुई यह लोकसभा सीट बेहद अहम है। अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ संसदीय सीट 4 जिलों बागेश्वर, चंपावत, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ से मिलकर बनी है। साल 1977 में भाजपा के दिग्गज नेता डॉ. मुरली मनोहर जोशी ढाई साल तक इस सीट से सांसद रहे थे।

 

——————–

उत्तराखंड की पांचों सीट पर भाजपा ने किया था कब्जा

साल 2014 और 2019 में उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटों पर दोनों बार बीजेपी का कब्जा रहा था, जिसमें साल 2014 में बीजेपी का वोट प्रतिशत 61.01 प्रतिशत था, तो वहीं कांग्रेस का साल 2014 का वोट प्रतिशत 31.40 प्रतिशत था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button