हरिद्वार में बनी भगवान शिव की विशाल मूर्ति
हरिद्वार: हरकी पैड़ी, मनसा देवी, चंडी देवी और दक्षेश्वर महादेव मंदिर समेत कई प्राचीन मठ और मंदिर धर्मनगरी हरिद्वार की आध्यात्मिक पहचान है। लेकिन अब हरकी पैड़ी के समीप स्थापित भगवान शिव की 108 फुट ऊंची विशाल प्रतिमा भी हरिद्वार की एक अलग पहचान बन चुकी है। स्थानीय लोगों के अनुसार ये प्रतिमा प्रसिद्ध भजन गायक और टी सीरीज कम्पनी के संस्थापक गुलशन कुमार के सहयोग से स्थापित की गई। गंगा किनारे दूर से दिखाई देने वाली यह भव्य शिव प्रतिमा श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती है।
हरिद्वार की 108 फीट ऊंची शिव प्रतिमा से गुलशन कुमार का कनेक्शन: स्थानीय लोगों के अनुसार गुलशन कुमार का धर्मनगरी हरिद्वार से बेहद लगाव था। उन्होंने अपने कई गानों की शूटिंग धर्मनगरी हरिद्वार में की थी। अपने करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने हरिद्वार के कई धार्मिक स्थलों पर अपने गानों की शूटिंग की। मां गंगा और भगवान भोलेनाथ में आस्था रखने वाले गुलशन कुमार ने गंगा तट पर भगवान शिव की विशाल और ऊंची मूर्ति स्थापित करने की इच्छा जताई।
गुलशन कुमार ने देखा था शिव प्रतिमा स्थापित करने का सपना: हालांकि जीवित रहते हुए उनकी यह इच्छा तो पूरी नहीं हुई, लेकिन उनके निधन के बाद उनकी पत्नी, बेटे और परिजनों ने साल 2000 में उनकी उस इच्छा को पूरा किया। आज यह मूर्ति हरिद्वार में अन्य तीर्थ स्थलों के साथ ही अलग ही आकर्षण का केंद्र बन गई है। हरिद्वार आने वाला शायद ही कोई पर्यटक हो, जो इस विशाल प्रतिमा के साथ फोटो, सेल्फी या वीडियो रील बनाना भूलता हो।
हरिद्वार में हर की पैड़ी पर स्थापित है शिव प्रतिमा: भगवान शिव की 108 फुट ऊंची मूर्ति हरकी पैड़ी के नजदीक के सामने गुजरने वाले हरिद्वार देहरादून हाईवे किनारे बने स्वामी विवेकानंद पार्क में स्थापित है। पार्क में स्वामी विवेकानंद की मूर्ति के साथ ही यह मूर्ति भी अलग ही रंग में नजर आती है। मूर्ति के पीछे साधु संतों की एक कुटिया है।



