घसियामहादेव में ट्रक का टायर फटा, श्रीनगर में कई किलोमीटर लंबा जाम से बिगड़ी व्यवस्था, जाम में फंसी एंबुलेंस; यात्री और स्थानीय लोग परेशान
श्रीनगर गढ़वाल: बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह घसियामहादेव क्षेत्र में एक ट्रक का टायर फटने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। ट्रक सड़क के बीचोंबीच खड़ा हो जाने के कारण श्रीनगर में कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम के चलते स्थानीय लोगों के साथ ही यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान एंबुलेंस भी जाम में फंसी नजर आई।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह घसियामहादेव क्षेत्र में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुजर रहे एक ट्रक का टायर अचानक फट गया। इसके चलते ट्रक सड़क पर ही खड़ा हो गया। संबंधित स्थान पर सड़क काफी संकरी होने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। मार्ग पर वन-वे यातायात संचालित होने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और देखते ही देखते जाम श्रीनगर तक फैल गया।
जाम में फंसे वाहन चालकों और यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। स्थानीय लोगों को भी अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं, एंबुलेंस के जाम में फंसने से यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े होते नजर आए।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सुचारु कराने के प्रयास में जुट गई। हालांकि, सड़क की कम चौड़ाई और ट्रक के बीच सड़क पर खड़े होने के कारण वाहनों की आवाजाही धीमी रही। राजमार्ग पर लगे लंबे जाम से लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ी।


