उत्तराखंड में अग्निवीरों के लिए बनेगा अग्निवीर सेल
मुख्यमंत्री धामी ने ‘युवा अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम में लिया हिस्सा
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के कुआंवाला स्थित यूथ फाउंडेशन ट्रेनिंग एरिया में आयोजित ‘युवा अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बनेगा, जहां अग्निवीरों के लिए विशेष ‘अग्निवीर सेल’ बनाई जाएगी। साथ ही पर्यटन विभाग की होमस्टे योजना में पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को विशेष अनुदान तथा सीमावर्ती गांवों में स्वरोजगार के लिए भी सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निवीरों, सैनिकों और शहीदों के परिवारों का सम्मान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों को पुलिस, वन विभाग और आपदा प्रबंधन सहित राज्य की सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, आयु सीमा में छूट और भर्ती में प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य सेना में सेवा देने वाले प्रत्येक युवा को सम्मानजनक भविष्य देना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निवीर बनना केवल नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का अवसर है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं एक सैनिक के बेटे हैं और सैनिकों के त्याग व अनुशासन को करीब से देखा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले 5 वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।



