#uttarakhand newsउत्तराखंडक्राइमधरना-प्रदर्शन

बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावा चोरी के विरोध में विधायक लखपत बुटोला का मौन उपवास

सिंहद्वार के निकट कांग्रेस कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों के साथ एक घंटे तक दिया धरना, निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

ज्योतिर्मठ: बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावा एवं दान राशि की कथित हेराफेरी के मामले को लेकर मंगलवार को बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं कांग्रेस नेता लखपत सिंह बुटोला ने मंदिर के सिंहद्वार के निकट एक घंटे का मौन उपवास रखकर विरोध दर्ज कराया। सुबह 8 बजे से 9 बजे तक चले इस मौन उपवास में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, महिलाओं और क्षेत्रवासियों ने भी भाग लिया।

मौन उपवास के बाद विधायक लखपत बुटोला ने कहा कि बदरीनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की कथित हेराफेरी का मामला करोड़ों सनातन श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ धाम केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि साक्षात भू-बैकुंठ है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु मोक्ष की कामना लेकर पहुंचते हैं। ऐसे पवित्र धाम में दान-चढ़ावे को लेकर भ्रष्टाचार के आरोप अत्यंत पीड़ादायक और चिंता का विषय हैं।

बुटोला ने कहा कि इससे पहले केदारनाथ मंदिर में सोना चोरी का मामला और अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के आरोप भी सामने आए थे। अब बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित हेराफेरी की खबरों ने श्रद्धालुओं की भावनाओं को गहरा आघात पहुंचाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मामलों में सरकार से जुड़े लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

मौन उपवास में ज्योतिर्मठ के ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी, पूर्व प्रमुख हरीश परमार, माणा ग्राम प्रधान धर्मेंद्र चौहान, क्षेत्र पंचायत सदस्य बीणा देवी, बामणी के सरपंच जसबीर मेहता, माणा के पूर्व ग्राम प्रधान पीतांबर मोलफा, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष विक्रम फरस्वाण, वरिष्ठ कांग्रेस नेता बलदेव मेहता, पूर्व जिला अध्यक्ष वीरेंद्र रावत, मिथलेश फरस्वाण, अजीतपाल, निश्चय मेहता, अम्मू कन्नी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button