सीएम ने किया हिमस्खलन प्रभावित क्षेत्र का दौरा, राहत एवं बचाव कार्य का लिया जायजा
माणा हिमस्खलन में चार की मौत

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज चमोली जिले में माणा के पास हिमस्खलन प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सुरक्षित बाहर निकाले गए श्रमिकों का कुशलक्षेम भी जाना।
मुख्यमंत्री ने बचाव कार्य में जुटे सैन्य अधिकारियों एवं प्रशासनिक टीमों से विस्तृत जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार संकट की इस घड़ी में प्रभावितों की हरसंभव सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रभावित श्रमिकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन, सेना और SDRF की टीमें लगातार राहत कार्यों में जुटी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के मार्गदर्शन में केन्द्र सरकार द्वारा भी बचाव कार्यों में पूरा सहयोग मिल रहा है। हमारी डबल इंजन सरकार हर परिस्थिति में नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ी है।
——————–
माणा हिमस्खलन में चार की मौत
चमोली: माणा में आए एवलॉन्च के दूसरे दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। ग्लेशियर के मलबे से रेस्क्यू किए गए 4 मजदूर को बचाया नहीं जा सका है।
पीआरओ रक्षा देहरादून लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष श्रीवास्तव के मुताबिक सेना की आइबेक्स ब्रिगेड की बचाव टीम के नेतृत्व में हिमस्खलन बचाव अभियान अभी चल रहा है। सेना के एक्सपर्ट युद्ध स्तर पर सर्च और रेस्क्यू अभियान चलाए हुए हैं। रेस्क्यू में कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी जा रही है। स्थितियां दुरूह हैं, लेकिन रेस्क्यू टीम का हौसला बुलंद है।
सड़कें अवरुद्ध होने के कारण कुल 06 हेलीकॉप्टरों को लोगों को निकालने के लिए तैनात किया गया है। हेलीकॉप्टरों में भारतीय सेना विमानन के 3 चीता हेलीकॉप्टर, भारतीय वायु सेना के 2 चीता हेलीकॉप्टर और भारतीय सेना द्वारा किराए पर लिया गया एक नागरिक हेलीकॉप्टर शामिल है।
अभी तक, रेस्क्यू किए गए 49 में से 23 व्यक्तियों को जोशीमठ पहुंचाया जा चुका है। दुर्भाग्य से, 4 व्यक्ति की मृत्यु की पुष्टि हुई है। घायलों को निकालने के लिए प्राथमिकता दी जा रही है। शेष 6 व्यक्तियों को बचाने के लिए सेना द्वारा खोज अभियान जारी है। गौरतलब है कि माणा में शुक्रवार को आए एवलॉन्च के मलबे में 55 श्रमिक दब गए थे।
कुल 55 मजदूरों के नाम जारी कर दिए गये हैं। इनमें से 42 मजदूरों के राज्यों की जानकारी मिल गई है। बिहार के 11, उत्तराखंड के 11, उत्तर प्रदेश के 11, हिमाचल के 7, जबकि पंजाब और जम्मू कश्मीर के एक-एक मजदूरों की जानकारी फिलहाल मिली है। 13 मजदूरों के राज्यों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।