#uttarakhand newsउत्तराखंडदैवी आपदा

बागेश्वर जिले में डोली धरती, घरों से भागे लोग, जान-माल का नुक़सान नहीं 

देहरादून: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में मंगलवार शाम भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 2.8 दर्ज की गई है। भूकंप का केंद्र जमीन के भीतर महज पांच किलोमीटर की गहराई पर होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि जिले में अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।भूकंप के झटके बहुत हल्के थे फिर भी कुछ जगहों पर लोग डर के मारे अंधेरे में ही अपने अपने घरों से बाहर निकल आए।

शाम 6:19 बजे दर्ज हुई भूकंप की गतिविधि राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार शाम 6 बजकर 19 मिनट और 25 सेकंड पर भूकंप आया। इसकी तीव्रता कम होने के बावजूद क्षेत्र में भूकंपीय गतिविधि दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र धरती की सतह से लगभग पांच किलोमीटर नीचे बताया गया है।

जिला आपदा अधिकारी शिखा सुयाल के अनुसार, भूकंप का अक्षांश 30.075 डिग्री उत्तर और देशांतर 79.908 डिग्री पूर्व दर्ज किया गया। इन भौगोलिक निर्देशांकों के आधार पर भूकंप के केंद्र की स्थिति निर्धारित की गई है।आपको बता दें कि उत्तराखंड का बागेश्वर जिला भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है। यहां भूकंप आने का खतरा काफी अधिक रहता है। भूकंपीय जोखिम के पुराने मानचित्र में यह क्षेत्र जोन-5 में शामिल है।

भूकंप के बाद जिले में स्थिति का जायजा लिया गया। जिला आपदा अधिकारी ने बताया कि विभिन्न तहसीलों से मिली जानकारी के अनुसार, फिलहाल किसी भी स्थान से जान-माल के नुकसान की खबर नहीं आई है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। कम तीव्रता वाले इस भूकंप से जिले में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिलना राहत की बात है। आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, भूकंप से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाती है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button