
उत्तरकाशी: बीते दिनों चारधाम यात्रा के चलते यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों से भरी बस का अनियन्त्रित होने के चलते एक पहिया रोड़ से बाहर निकल गया था। पुलिस जवानों की सूझ-बूझ से तीर्थ यात्रियों की जान बचाई गई। तीर्थयात्रियों द्वारा वीडियो जारी कर पुलिस जवानों का आभार जताया।
जानकारी हो की नागपुर महाराष्ट्र से चारधाम यात्रा पर आये श्रद्धालुओं की बस यमुनोत्री धाम यात्रा के दौरान बीती 23 मई की रात्रि को यमुनोत्री से वापस आते समय हनुमानचट्टी के पास यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनियंत्रित होने पर बस का एक पहिया रोड़ से बाहर निकल गया था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस चौकी हनुमानचट्टी पर नियुक्त अ0उ0नि0 पवन बडोनी व कानि0 मनोज चौहान द्वारा तुरंत मौके पर पहुंचकर तत्परता दिखाते हुये बस मे बैठे सभी तीर्थयात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर दुसरी गाडियों के माध्यम से उनके होटल बडकोट पहुंचाया गया।
घटना की जानकारी पुलिस उपाधीक्षक बडकोट को देकर एसडीआरएफ व यातायात की पुलिस टीम को मौके पर बुलाया गया करीब 4-5 घण्टे के बाद बस को रोड़ पर निकालकर गंतव्य के लिए भेजा गया।
उत्तराखण्ड पुलिस के जवानों के सेवा व समर्पण भाव से प्रसन्न होकर श्रद्धालुओं द्वारा चारों धामों की यात्रा करने के पश्चात आज वापस जाते समय एक वीडियो जारी कर उत्तरकाशी पुलिस के जवानों का आभार प्रकट किया गया।