
देहरादून: देश-विदेश में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। राजधानी देहरादून में भी योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में सबसे पहले योग दिवस का प्रस्ताव दिया था, जिस पर
दुनियाभर में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाए जाने का ऐलान किया। 21 जून 2015 को पहली बार पूरे विश्व में योग का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड में समस्त जनपद मुख्यालयों में और 300 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में योग दिवस के कार्यक्रम का आयोजन कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को योग दिवस पर शुभकामनाएं दी हैं।
योग केवल शरीर की कुछ मुद्राओं या आसन तक सीमित नहीं है। बल्कि यह हमें स्वस्थ और संतुलित जीवन जीना सिखाता है। यह हमें अपनी सांसें, विचारों और भावनाओं को नियंत्रित करना सिखाता है। इससे हम सभी परिस्थितियों में शांत रहना और अपना ध्यान केंद्रित करना सीखते हैं। योग हमारे शारीरिक,मानसिक और आध्यात्मिक तंत्र को सन्तुलित कर शरीर और मस्तिष्क में एक सकारात्मक ऊर्जा का निर्माण करता है।
धामी ने कहा कि आज भारतवर्ष अपनी संस्कृति को संजोकर पुनः विश्व गुरु बनने की दिशा में अग्रसर है। आज विश्व में अनेकों देश हमारी योग संस्कृति की महत्ता को स्वीकार कर, स्वस्थ जीवन शैली के लिए योग को अपना रहे हैं।