#uttarakhand newsउत्तराखंडकाम की खबर

गढ़वाली फिल्म घस्यारी का ट्रेलर और पोस्टर रिलीज

फिल्म लेखक एवं निर्देशक सुनील बडोनी ने कहा 26 साल पहले की थी इस फिल्म की परिकल्पना

देहरादून : हरिद्वार रोड स्थित संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह में रविवार को भव्य समारोह में गढ़वाली फिल्म घस्यारी का ट्रेलर और पोस्टर रिलीज कर दिया गया। इस मौके पर फिल्म के लेखक और निर्देशक बडोनी सुनील बडोनी ने कहा कि घस्यारी फिल्म की परिकल्पना 26 साल पहले की गई थी, जो अब साकार हो रही है। फिल्म में घस्यारी के जीवन की कठिनाई को दर्शाया गया है।

उल्लेखनीय है कि गांव के पास जंगल में घास काटते समय कोई घस्यारी पेड़ से गिर जाती है, तो कोई गुलदार या भालू का शिकार हो जाती है। फिल्म के माध्यम से सरकार को संदेश दिया गया है कि घस्यारियों के कल्याण के लिए ठोस योजना बनाई जाए, जिससे न केवल उनका जीवन स्तर सुधरे, बल्कि उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित हो।

फिल्म के प्रमुख कलाकार अजय सिंह बिष्ट ने कहा कि घस्यारी फिल्म निश्चित रूप से दर्शकों को पसंद आएगी। फिल्म की निर्माता सुनील बडोनी की पत्नी परिणीता बडोनी हैं, जबकि उनके बेटे सारांश बडोनी ने छायांकन किया है। मां शक्ति पिक्चर्स के बैनर तले बनी इस फिल्म की शूटिंग मक्खू मठ स्थित तुंगनाथ मंदिर के आसपास के क्षेत्र में हुई है। फिल्म में संगीत संतोष खेतवाल ने दिया है, जिन्हें नरेंद्र सिंह नेगी, संतोष खेतवाल, अनुराधा निराला और शशि जोशी ने अपनी आवाज दी है।

आज वरिष्ठ साहित्यकार सत्यानंद बडोनी और हर्षमणि भट्ट के साथ फिल्म का ट्रेलर मैंने भी देखा, जिसे देखकर खासा प्रभावित हुआ। इस दौरान जहां उत्तराखंड फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज कलाकार, निर्माता और निर्देशक मौजूद थे, वहीं देश भर में गढ़वालियों के बीच लोकप्रिय पहाड़ी देवानंद नाम से मशहूर संजय बागड़ी से भी मुलाकात हुई। बागड़ी ने कहा कि वह देशभर में जहां भी अपने शो करते हैं, वहां अपनी बोली-भाषा को ही आगे बढ़ाते हैं। देहरादून आकाशवाणी की उदघोषक भारती आनंद और दीपक रावत ने कार्यक्रम का ख़ूबसूरत संचालन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button