#uttarakhand newsउत्तराखंडराजनीतिक दल

प्रदेश के असंगठित मजदूरों को जोड़ेगी कांग्रेस: करण माहरा

- प्रदेश श्रम प्रकोष्ठ के सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने किया ऐलान, श्रमिकों के अधिकारों के लिए संघर्ष करेगी कांग्रेस: सूर्यकांत धस्माना

देहरादून: प्रदेश में अब असंगठित मजदूरों को कांग्रेस अपने श्रम प्रकोष्ठ के बैनर तले संगठित कर उनको कानूनी संरक्षण देगी। यह घोषणा मंगलवार को उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करण माहरा ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी के श्रम प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में बड़ी संख्या में गरीब श्रमिक जानकारी के अभाव में अपने अधिकारों की लड़ाई नहीं लड़ पाते इसलिए यह जरूरी है कि ऐसे असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को कांग्रेस एक झंडे के नीचे ला कर उनको उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करे और फिर उनकी लड़ाई लड़ी जाए । उन्होंने प्रदेश श्रम प्रकोष्ठ के अध्यक्ष दिनेश कौशल को इस काम की जिम्मेदारी सौंपते हुए उनको निर्देश दिया कि वे पूरे प्रदेश में जिला व ब्लॉक स्तर पर श्रमिक प्रकोष्ठ का गठन कर इस कार्य को गति दें।
इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि राज्य में काम करने वाले अस्सी प्रतिशत मजदूर असंगठित हैं और उनको संगठित करने का कोई प्रयास आज तक नहीं किया गया , उन्होंने कहा कि ध्याड़ी मजदूरी करने वाले मजदूर, राज मिस्त्री, प्लंबर, फ़िटर, इलेक्ट्रीशियन, ठेली फड़ लगाने वाले, ई रिक्शा चलाने वाले , कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले सफाई कर्मचारियों समेत बड़ी तादाद में श्रमिक हैं जिनको संगठित कर पार्टी के साथ जोड़ कर उनके अधिकारों व उनकी समस्याओं के लिए संघर्ष करने की आवश्यकता है। धस्माना ने कहा कि आज इन असंगठित मजदूरों की आवाज उठाने वाला कोई संगठन नहीं है और अगर कांग्रेस इस अभियान को चलाएगी तो निश्चित रूप से मजदूरों को लाभ होगा और कांग्रेस पार्टी को भी इससे मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार चाहे वो केंद्र की हो या उत्तराखंड की वो श्रमिक विरोधी सरकारें हैं और जो कानून भाजपा की केंद्र सरकार लाई है वो पूरी तरह से पूंजीपतियों व उद्योगपतियों के पक्ष व श्रमिकों के विरोधी कानून हैं।
श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश कौशल ने कहा कि वे अप्रैल माह से पूरे प्रदेश में असंगठित मजदूरों को पार्टी से जोड़ने का अभियान शुरू करेंगे और एक मई को मजदूर दिवस पर राज्य व्यापी कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
कार्यक्रम को महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉक्टर जसविंदर सिंह गोगी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विशाल डोभाल, किशोर उनियाल पूनम कंडारी आनंद जगूड़ी हरिंदर बेदी मनीष गर्ग, गोपाल गढ़िया धर्मपाल घाघट, चंद्रपाल ,अरुण वाल्मीकि, अर्जुन शर्मा, अनीता शर्मा आदि ने भी संबोधित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button