उत्तरांचल प्रेस क्लब कार्यकारिणी चुनाव 30 को

देहरादून: उत्तरांचल प्रेस क्लब कार्यकारिणी चुनाव-2026 के लिए 30 दिसंबर को चुनाव होंगे। चुनाव अधिकारी दर्शन सिंह रावत ने बुधवार को पत्रकार वार्ता कर यह जानकारी दी। मतदान सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक होंगे और चार बजे से मतगणना होगी।
रावत ने बताया कि नामांकन पत्रों की बिक्री 26 व 27 दिसंबर को प्रातः 11.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगी और उसी दिन नामांकन पत्र जमा होंगे। 28 दिसंबर को प्रातः 11.30 बजे से दोपहर 1 बजे तक नाम वापसी और उसी दिन शाम 5 बजे तक प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की घोषणा होगी। उन्होंने बताया कि चुनाव अध्यक्ष पद पर एक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर एक, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर एक, महामंत्री पद पर एक, संयुक्त मंत्री पद पर दो पद (एक पद महिला आरक्षित), कोषाध्यक्ष पद पर एक, संप्रेक्षक पद पर एक पद, सदस्य कार्यकारिणी पर नौ पद पर होगा। मुख्य चुनाव अधिकारी रावत ने बताया कि पदाधिकारियों का चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को जमानत राशि एक हजार और कार्यकारिणी सदस्य के लिए दो सौ रूपए जमानत राशि देनी होगी। नामांकन पत्र का शुल्क 100 रूपये रखा गया है। इस दौरान सहायक चुनाव अधिकारी लक्ष्मी प्रसाद बडोनी व डॉ. वीके डोभाल मौजूद रहे।



