जोशीमठ के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, पायलट समेत छह की मौत
बद्रीनाथ से लौटते समय हुआ हादसा, मृतकों में पांच कर्नाटक निवासी श्रद्धालु थे, मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश, ‘ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड’ कंपनी के सभी हेलीकॉप्टर की उड़ानों पर रोक
देहरादून: उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ धाम से लौट रहा एक निजी कंपनी का हेलीकॉप्टर शुक्रवार दोपहर ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर में सवार कर्नाटक के पांच श्रद्धालुओं समेत सभी छह लोगों की मौत हो गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसकी जांच के आदेश दिए हैं।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि एहतियात के तौर पर ‘ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड’ कंपनी के सभी हेलीकॉप्टर की उड़ानों पर रोक लगा दी गई है। उन्होंने बताया कि नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) और एयरक्राफ्ट एक्सीटेंड इनवेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआईबी) की टीम देहरादून पहुंच रही हैं। इसके बाद दुर्घटना की विस्तृत जांच की जाएगी।
प्रतीक जैन ने कहा कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे की वजह कोई तकनीकी खराबी थी, पायलट की चूक थी या खराब मौसम का इससे कोई संबंध था।
सभी के शव बरामद
चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि ट्रांस भारत के हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
पंवार ने बताया कि हेलीकॉप्टर ने बदरीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड के लिए दोपहर करीब एक बजकर 12 मिनट पर उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के दो मिनट से भी कम समय बाद ज्योतिर्मठ के पास हाथी पर्वत क्षेत्र में चाई गांव के नजदीक उसका संपर्क टूट गया।
उत्तराखंड के आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि ज्योतिर्मठ में तैनात सेना की सिग्नल टीम ने क्षेत्र में हेलीकॉप्टर से धुआं उठते और उसे नीचे की ओर आते देखा। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही चमोली जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस, एसडीआरएफ, सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम को तलाशी एवं बचाव अभियान के लिए रवाना किया। इसके अलावा, जिला मुख्यालय गोपेश्वर से ड्रोन टीम को भी तलाशी अभियान में लगाया गया।
हेलीकॉप्टर का मलबा मिला
चमोली जिला प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, तलाशी अभियान के दौरान हेलीकॉप्टर का मलबा मिला और इसके आसपास सभी छह लोगों के शव बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि अंधेरा होने और रास्ता कठिन होने के कारण शवों को शनिवार को दुर्घटनास्थल से वापस लाया जाएगा।
दिल्ली के रहने वाले थे पायलट
मृतकों की पहचान दिल्ली निवासी पायलट कैप्टन हिमांशु सभरवाल (48) और बेंगलुरु निवासी प्रताप (41), अरुण सालुंके (44), वी. बी. शंकर गौड़ा (39), सुधीर के. (50) तथा एच. एस. नटराजा (51) के रूप में हुई है।
सीएम धामी ने दिए जांच के आदेश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने चमोली जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और राहत एवं बचाव से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तत्परता से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच करने के भी आदेश दिए हैं।



