उत्तराखंडकाम की खबर

श्रीनगर में सीएम धामी के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, 9.13 करोड़ रुपए की 9 विकास योजनाओं की दी सौगात, 9 साल बाद फिर दौड़ी सिटी बस

श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के श्रीनगर पहुंचने पर शनिवार को स्वागत के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सड़कों पर उमड़ पड़े। श्रीयंत्र टापू में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने क्षेत्र को ₹9.13 करोड़ की 9 विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ ही श्रीनगर में करीब नौ साल बाद सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने सभी पार्षदों से भरी सिटी बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। लंबे समय से प्रतीक्षित इस सेवा के शुरू होने से शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में स्थापित ईवी चार्जिंग स्टेशन का भी लोकार्पण किया। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहन मिलने और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।

महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक प्रोत्साहन

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखंड’ पहल के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को ₹2,01,530 की प्रोत्साहन राशि का चेक वितरित किया। इसके साथ ही 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट प्रदान की। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्थानीय आजीविका को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

पार्कों के सौंदर्यीकरण से लेकर सड़क-नाली निर्माण तक के कार्य

मुख्यमंत्री ने नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं निस्तारण सुविधा, स्वर्गीय रणजीत सिंह भंडारी वाटिका (रेन वॉटर हार्वेस्टिंग पार्क), सड़क एवं नाली निर्माण, लक्ष्मीनारायण पार्क और विभिन्न पार्कों के सौंदर्यीकरण सहित नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

उन्होंने कहा कि इन विकास योजनाओं से नगर की स्वच्छता व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण और आधारभूत नागरिक सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। ₹9 करोड़ से अधिक की परियोजनाएं श्रीनगर के विकास को नई गति देने के साथ क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायक होंगी।

चारधाम यात्रा और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से श्रीनगर को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास, सुशासन और समृद्धि के संकल्प के साथ निरंतर काम कर रही है। पौड़ी जनपद में भी करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। चारधाम यात्रा में हो रही बढ़ोतरी का प्रत्यक्ष लाभ स्थानीय निवासियों को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तराखंड को नई दिशा देने का काम कर रही हैं। चारों धामों को ऑल वेदर रोड से जोड़ा जा रहा है, जिसका लाभ श्रीनगर सहित पूरे क्षेत्र को मिल रहा है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस रेल मार्ग पर श्रीनगर में भी स्टेशन बनाया जा रहा है, जिससे भविष्य में क्षेत्रवासियों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।

सरदार पटेल के योगदान को किया याद

राष्ट्रीय एकता दिवस के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव रखी थी। उनका संकल्प एक ऐसे सशक्त राष्ट्र का निर्माण करना था, जहां राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता सर्वोपरि हो तथा राष्ट्रहित प्रत्येक नागरिक का परम कर्तव्य हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button