अग्निवीर भर्ती रैली के दौरान दो अभ्यर्थियों की हालत बिगड़ी

देहरादून: कोटद्वार में अग्निवीर भर्ती रैली के दौरान शुक्रवार को दो अभ्यर्थियों की हालत बिगड़ गई। दोनों अभ्यर्थियों को बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर एक युवक को डिस्चार्ज किया गया है। वहीं, एक युवक अभी भी उपचाराधीन है।
गुरुवार सुबह कोटद्वार के विक्टोरिया क्रॉस गबर सिंह कैंप में आयोजित भर्ती रैली में पहले दिन चमोली के युवाओं ने भाग किया। भर्ती रैली के लिए रात 2:00 बजे से ही प्रवेश स्थल काशीरामपुर तल्ला स्थित मैदान में युवा जुटने शुरू हो गए थे। आधार कार्ड सत्यापन व प्रवेश पत्रों की जांच के बाद युवाओं को भर्ती मैदान में ले जाया गया।
इस दौरान युवाओं ने फिजिकल यानी शारीरिक मापदंड में अपना दमखम दिखाया। सेना की ओर से निर्धारित समय में दौड़ पूरी करने वाले युवा शारीरिक दक्षता परीक्षण के लिए जाएंगे। सेना के विशेषज्ञ शारीरिक दक्षता और शिक्षा विभाग के कर्मचारी उनके शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की जांच करेंगे। इसके बाद चयनित युवाओं का मेडिकल परीक्षण होगा। सेना के अधिकारियों ने बताया कि सेना दिवस के मौके पर शुरू हुई अग्निवीर भर्ती रैली के पहले दिन अग्निवीर जीडी के पदों के लिए 1100 से अधिक उम्मीदवारों ने उत्सुकता से भाग लिया। अग्निवीर भर्ती रैली के दूसरे दिन शुक्रवार को चमोली जनपद के 1146 युवाओं ने प्रतिभाग किया।



