#uttarakhand newsउत्तराखंडकाम की खबरमौसम

चारधाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित, ओम पर्वत समेत कई क्षेत्रों में बर्फबारी 

देहरादून/पिथौरागढ़: उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। उच्च हिमालयी व्यास घाटी के आदि कैलाश और ओम पर्वत क्षेत्र में शीतकाल की पहली बर्फबारी हुई। नाभीढांग, गुंजी और कुटी समेत 10 हजार फीट से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी के साथ बारिश शुरू हो गई। बर्फबारी के बाद उच्च हिमालयी क्षेत्र में ठंड बढ़ गई है। इधर बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब में भी बर्फबारी हुई है। भारी बारिश के चलते चारधाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित की गई है।

केएमवीएन के पिथौरागढ़ नाभीढांग स्थित पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक नरेंद्र बिष्ट ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब चार बजे से क्षेत्र में समय समय पर हल्की बर्फबारी के साथ बारिश हो रही है। बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट आई है और ठंड बढ़ गई है। नाभीढांग क्षेत्र की ऊंचाई करीब 14 हजार फीट बताई गई है।

केएमवीएन गुंजी के प्रबंधक होशियार रावत ने बताया कि गुंजी क्षेत्र में भी हल्की बर्फबारी और बारिश हो रही है. उनके अनुसार 10 हजार फीट से अधिक ऊंचाई वाले गांवों में बर्फ गिर रही है। मौसम में अचानक आए बदलाव से उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ठंड का असर तेजी से बढ़ने लगा है।

आदि कैलाश में सीजन की पहली बर्फबारी: आदि कैलाश क्षेत्र में भी बर्फबारी हुई है. करीब 12,303 फीट की ऊंचाई पर स्थित कुटी गांव के होम स्टे संचालक कुंवर सिंह कुटियाल ने बताया कि आदि कैलाश की चोटियों और आसपास के पहाड़ों में बर्फ पड़ चुकी है। बारिश और बर्फबारी के बाद क्षेत्र में ठंड काफी बढ़ गई है।

आज आदि कैलाश यात्रा पर रोक: आदि कैलाश यात्रा के लिए इन दिनों व्यास घाटी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंच रहे हैं। ऐसे में मौसम में अचानक आए बदलाव से उच्च हिमालयी क्षेत्र में यात्रियों और स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के साथ ही निचली घाटी में भी मौसम बदला है। धारचूला नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में उच्च हिमालय से करीब एक घंटे बाद हल्की बारिश शुरू हो गई। दिन में मौसम में बदलाव के बाद शाम होते-होते बारिश ने जोर पकड़ना शुरू किया। मौसम के इस बदलाव से सीमांत क्षेत्र में तापमान गिरने लगा है।

आज पिथौरागढ़ के स्कूलों में छुट्टी: बारिश की चेतावनी को देखते हुए धारचूला तहसील प्रशासन द्वारा शनिवार को इनर लाइन परमिट जारी नहीं किए जाएंगे। एसडीएम आशीष जोशी ने बताया कि 20 सितंबर से 25 सितंबर तक कुल 2783 परमिट जारी हो चुके हैं। जिले में लगातार हो रही है बारिश को देखते हुए आज शनिवार को सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। बारिश के जनजीवन प्रभावित हो गया है।

 

पिथौरागढ़ जिले बंद सड़कों के नाम

घाट पिथौरागढ़ मोटर मार्ग

धारचूला तवाघाट मोटर मार्ग

तवाघाट गुंजी मोटर मार्ग

ड्योरा बारमू मोटर मार्ग

देविचौना से जमतडी मोटर मार्ग

बड़ाबे तोली शिलिंगिया मोटर मार्ग

सोबला उमचिया मोटर मार्ग

एलागाड़ जुम्मा मोटर मार्ग

घापाबैण्ड बुई पातों मोटर मार्ग

देविसौना गराली कूटा मोटर मार्ग

कंज्योति नारायण आश्रम मोटर मार्ग

जिला आपदा प्रबंधन विभाग का बयान: जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी पिथौरागढ़ ने बताया है कि-

जिले की सभी तहसीलों में लगातार बारिश के कारण 11 सड़कें बंद हैं. सड़कों को खोलने का कार्य किया जा रहा है। सभी विभागों को अलर्ट मे रहने के निर्देश दिए गए हैं।

-भूपेंद्र महर, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी, पिथौरागढ़-

चमोली में भी बदला मौसम: चमोली जिले में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट बदली है। जिले के निचले इलाकों में जहां सुबह से बारिश का सिलसिला जारी है, वहीं ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो गई है। विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम और सिखों के पवित्र तीर्थ हेमकुंड साहिब में सुबह से ही बर्फबारी देखने को मिल रही है।

बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब में बर्फबारी: बारिश और बर्फबारी के बाद बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब के आसपास का मौसम पूरी तरह बदल गया है। ऊंचाई वाले इलाकों में धुंध और कोहरे की चादर दिखाई दे रही है, जबकि निचले क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के चलते तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। मौसम में आए इस बदलाव के साथ पहाड़ी क्षेत्रों में एक बार फिर ठंड की दस्तक महसूस होने लगी है।

बदरीनाथ धाम की ऊंची चोटियों और हेमकुंड साहिब में हो रही बर्फबारी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। बर्फ गिरने के बाद दोनों तीर्थस्थलों का नजारा बेहद खूबसूरत दिखाई दे रहा है। बर्फबारी को देखकर यहां पहुंचे यात्री भी उत्साहित नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस मौसम में हेमकुंड साहिब में दूसरी बार बर्फबारी हुई है। वहीं बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा भी जारी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button