#uttarakhand newsउत्तराखंडमौसम

केदारनाथ समेत ऊंचाई वाले इलाकों में फिर बर्फबारी 

दून समेत मैदानी क्षेत्रों में बारिश होने से फिर बढ़ी ठंड 

देहरादून: उत्तराखंड में मंगलवार को एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। पहाड़ी जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश शुरू हो गई। मंगलवार दोपहर को देहरादून में बिजली चमकने के साथ ही थंडरस्टॉर्म एक्टिविटी का मौसम बना। कुछ देर के लिए हल्की बारिश भी रिकॉर्ड की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक सीएस तोमर ने बताया कि मौसम विभाग ने पहले ही उत्तराखंड के अधिकांश जिलों के लिए 28 जनवरी को भी भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उन्होंने बताया कि आज सुबह से पहाड़ी जिलों विशेषकर उत्तरकाशी और चमोली जिले के कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी देखने को मिल रही है, जबकि देहरादून में बारिश के साथ हवा भी चली।

मौसम के मिजाज को देखते हुए अगले 24 घंटे के लिए प्रदेश के अधिकांश जगहों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा अगले 24 घंटे में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि का भी अनुमान है। ये एक्टिविटी 28 जनवरी दोपहर 12 बजे तक खत्म होने की संभावाना है।

 तोमर ने बताया कि आने वाली 30 और 31 जनवरी को फिर से एक और पश्चिमी विक्षोभ उत्तराखंड के मौसम को प्रभावित कर सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण से उत्तराखंड के कई जिलों में एक और दो फरवरी तक कई जिलों में बारिश और 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है, लेकिन यह एक्टिविटी इतनी इंटेंस नहीं रहेगी, जितना 23 जनवरी को देखने को मिली थी।

चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में बर्फबारी: वहीं, रुद्रप्रयाग स्थित केदारनाथ में भी हल्की बर्फबारी देखने को मिल रही है, जबकि चमोली और उत्तरकाशी के उच्च क्षेत्रों में भी बर्फबारी होने की जानकारी सामने आई है। गंगोत्री धाम समेत गौमुख ट्रेक और जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो चुकी है, जबकि निचले इलाकों में घने बादल छाए हुए हैं। बारिश की संभावना बनी हुई है। इससे पहले 23 और 24 जनवरी को प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बर्फबारी देखने को मिली थी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button