देहरादून में एक और हत्या, दहशत का माहौल
सिल्वर सिटी मॉल में मारी गई गोलियां, मृतक के खिलाफ हत्या के 30 मुकदमे थे दर्ज, स्टोन क्रशर का मालिक था मृतक, पुलिस मामले को गैंगवॉर से जोड़कर देख रही

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सिल्वर सिटी मॉल में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक जिम से लौट रहा था। तीन गोली लगने से युवक की मौके पर मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई है। लोगों में डर का माहौल है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
एसएसपी देहरादून के मुताबिक, 2 हमलावर पैदल आए थे। पिस्टल से नजदीक से गोली मारी गई। मृतक का नाम विक्रम शर्मा है। प्रॉपर्टी डीलर और स्टोन क्रेशर संचालन का काम करता था। विक्रम शर्मा के खिलाफ 45 मुकदमे दर्ज थे, जिनमें से 30 हत्या के थे। पुलिस गैंगवॉर का शक जता रही है।
मौके पर पुलिस, फॉरेंसिक और एसटीएफ की टीम पहुंची है और जांच करने में जुटी हुई है। इस घटना के बाद से आसपास के लोग दहशत में है। हैरान कर देने वाली बात यह है कि देहरादून में सिर्फ 15 दिनों के अंदर यह 5वीं हत्या है जो इस तरह से की गई है। यह घटना आज शुक्रवार की सुबह 10 बजे हुई है जिस दौरान युवक मॉल से बाहर जिम करके निकल रहा था। तभी 2 हमलावरों ने सीढ़ियों पर उसके गोली मार दी, जिसके बाद मौके पर ही युवक की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, हर रोज मृतक विक्रम इसी समय जिम से बाहर निकलता था। इससे पुलिस अंदाजा लगा रही है कि लंबे समय से हमलावर रेकी कर रहे थे और आज मौका पाकर उन्होंने घटना को अंजाम दिया है। पुलिस के मुताबिक दोनों हमलावर पैदल ही आए थे और विक्रम को गोली मारकर पैदल ही यहां से वापस निकल गए है। पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है, तो वहीं फॉरेंसिक टीम ब्लड सेंपल लेकर जांच कर रही है। अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह हमलावर कही दूसरे राज्य से आकर यहां लोगों की हत्या कर रहे हैं और पुलिस को खुलेआम चुनौती दे रहे हैं।
देहरादून जिले में 16 दिन के अंदर हुए 5 हत्याकांड-
29 जनवरी 2026 को विकासनगर में 18 साल की छात्रा की हत्या
31 जनवरी 2026 को ऋषिकेश में महिला की गोली मारकर हत्या
2 फरवरी 2026 को देहरादून में युवती की गला रेतकर हत्या
11 फरवरी 2026 को देहरादून में 40 साल के शख्स की गोली मारकर हत्या
13 फरवरी की सुबह देहरादून में जिम से निकल रहे युवक की गोली मारकर हत्या



