बर्फीली ढलानों पर रोमांच और उत्साह का संगम
-औली में औली नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप का दूसरा दिन, सेना सहित हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर के नाम एक-एक स्वर्ण पदक

चमोली: नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप और विंटर कार्निवल 2026 के दूसरे दिन शनिवार को हिम क्रीड़ा स्थली औली की बर्फीली ढलानों पर रोमांचक प्रतियोगिताओं का दौर जारी रहा। औली की बर्फीली वादियों में आज नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप एवं विंटर गेम्स 2026 के द्वितीय दिवस पर रोमांच, उत्साह और खेल भावना का अद्भुत संगम देखने को मिला। खिलाड़ियों के जोश और दर्शकों की तालियों ने पूरे वातावरण को उत्सव में बदल दिया।
इस बीच गढ़वाल मंडल विकास निगम के विंटर कार्निवाल को कॉर्डिनेट कर रहे अधिकारियों ने औली की दोनों स्की स्लोप सहित खिलाड़ियों के व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया और इस इवेंट्स को बेहतर तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी से सहयोग की अपील भी की।
दिन की शुरुआत सुबह योगा इन स्नो से हुई। ठीक 7:30 बजे टावर नंबर 10 स्लोप पर स्की माउंटेनियरिंग की ‘वर्टिकल एवं स्प्रिंट रेस’ (पुरुष व महिला वर्ग) के साथ हुई। इसके बाद नंदा देवी इंटर नेशनल स्की स्लोप (टावर नंबर 8) पर अल्पाइन स्कीइंग इवेंट्स के अंतर्गत पुरुषों की ‘जायंट स्लैलम’ का रोमांच देखने को मिला।
सेना के नाम रहे तीनों पदक: इस स्पर्धा में स्कियरो में कड़ी स्पर्धा नजर आई. पुरुष वर्ग की अल्पाइन जीएस रेस में तीनों पदक सेना के नाम रहे, सेना के स्कियरो ने गोल्ड, सिल्वर और ब्रोंज मेडल पर कब्जा किया। स्नो बोर्ड स्पर्धा में भी महिला और पुरुष वर्ग की स्पर्धाएं संपन्न हुई।
हिमाचल पहले नंबर पर: आज 14 फरवरी को सेना सहित हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर के नाम एक-एक गोल्ड मेडल रहा। हिमाचल प्रदेश की टीम दो गोल्ड के साथ अभी तक नेशनल विंटर गेम्स औली में आगे चल रही है। इन स्पर्धाओं में देश भर से आए शीर्ष खिलाड़ी अपना रफ्तार और बेलेंस का कौशल पेश किया, जिसे लेकर दर्शकों और खेल प्रेमियों में भारी उत्साह बना रहा है। दूसरी तरफ सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय लोक कला संगम और परसारी गांव द्वारा लोक नृत्य पौना नृत्य का प्रदर्शन किया गया। शनिवार को आयोजित जायंट स्लालम प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
जायंट स्लालम (पुरुष वर्ग):
बाकिर हुसैन- आर्मी ग्रीन
आशिफ अज़ीज- आर्मी रेड
जेकमेट रफस्तान- आर्मी
रेडस्नो बोर्डिंग (पुरुष वर्ग):
जुबेर अहमद लोन- जम्मू-कश्मीर
कुलविंदर शर्मा- आर्मी
हरि प्रसाद- आर्मी
स्नोबोर्डिंग (महिला वर्ग):
प्रीति ठाकुर- हिमाचल प्रदेश
प्रकृति ठाकुर- हिमाचल प्रदेश
दीपिका ठाकुर- हिमाचल प्रदेश
रेस ऑफिस में विजयंत रावत, विक्रम फरस्वाण व विजय सती द्वारा विजेताओं के परिणाम विधिवत घोषित किए गए। इस अवसर पर खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। लोकगायक दरवान नैथवाल ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। वहीं परसारी की स्थानीय टीम ने पारंपरिक लोक संस्कृति की रंगारंग झलक प्रस्तुत की।
विंटर गेम्स एसोसिएट के सचिव राकेश रंजन भिलंगवाल, सहसचिव अजय भट्ट, कोच विकेश डिमरी, जीएमवीएन के प्रदीप शाह, प्रदीप मंद्रवाल, कमल किशोर डिमरी सहित आईटीबीपी, आर्मी के अधिकारियों एवं सैकड़ों खिलाड़ियों और सैलानियों की सहभागिता ने आयोजन को गरिमा प्रदान की।
औली की बर्फीली ढलानों पर खेल और संस्कृति का यह समन्वय न केवल खिलाड़ियों के उत्साह को बढ़ा रहा है, बल्कि उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विंटर स्पोर्ट्स हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी एक सशक्त कदम है।



