जनता ने इतिहास रच दिया: प्रधानमंत्री मोदी
नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनावों में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत के बाद नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में जश्न मनाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता समारोह में शामिल हुए।
पीएम मोदी धोती-कुर्ता में समारोह में पहुंचे और मंच से नेताओं और कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया और जीत की बधाई दी। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ पीएम मोदी का स्वागत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने पांचों राज्यों की जनता को नमन किया, जहां विधानसभा चुनाव हुए। उन्होंने कहा, “आज का ये दिन ऐतिहासिक है, अभूतपूर्व है. जब वर्षों की साधना, सिद्धि में बदलती है, तो चेहरे पर जो खुशी होती है, वो खुशी आज मैं देश भर के बीजेपी कार्यकर्ताओं के चेहरे पर देख रहा हूं।”
उन्होंने कहा कि, एक कार्यकर्ता होने के नाते मैं बीजेपी के हर कार्यकर्ता की खुशी में शामिल हूं। आज का ये दिवस कई मायनों में खास है, विशेष है। ये देश के उज्ज्वल भविष्य की उद्घोषणा का दिन है। ये भरोसे का दिन है। भरोसा भारत के महान लोकतंत्र पर, भरोसा प्रदर्शन की राजनीति पर, भरोसा स्थिरता के संकल्प पर, भरोसा एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना पर।
उन्होंने कहा कि मैं बंगाल की जनता का, असम की जनता का, पुडुचेरी की जनता का, तमिलनाडु और केरलम की जनता का आज आदरपूर्वक नमन करता हूं, मैं उन सबका वंदन करता हूं। मैं आज भाजपा के कोटि-कोटि कार्यकर्ताओं का भी हृदय से अभिनंदन करता हूं। भाजपा के हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता ने एक बार फिर से कमाल कर दिया है, कमल खिला दिया है। आपने नया इतिहास रच दिया है।
पीएम मोदी ने कहा कि लोकतंत्र हमारे लिए सिर्फ एक तंत्र नहीं है, ये हमारी रगों में दौड़ता हुआ संस्कार है। ये हमारी रगों की संस्कार सरिता है। आज केवल भारत का लोकतंत्र ही नहीं जीता है, आज भारत का संविधान भी जीता है। हमारी संवैधानिक संस्थाएं जीती हैं, हमारी लोकतांत्रिक प्रक्रियाएं जीती हैं।
—————————
बंगाल में लहराया भगवा
नई दिल्ली: देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना पूरी हो चुकी है। बंगाल में भाजपा ऐतिहासिक जीत हासिल की है। केरल ने यूडीएफ गठबंधन ने एलडीएफ को पटखनी देते हुए जीत दर्ज की है।
केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ (UDF) ने 140 में से 102 सीटें जीतकर बड़ी सफलता हासिल की है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इसे केरल की जीत और यूडीएफ की सुनामी बताया। उन्होंने कहा कि वामपंथियों के गढ़ अब ढह चुके हैं और जनता ने पुराने समीकरणों को नकार दिया है। इस चुनाव में अकेले कांग्रेस ने 63 और सहयोगी आईयूएमएल ने 22 सीटें जीती हैं। राहुल गांधी ने जनता का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि नई सरकार राज्य की प्रतिभा और क्षमता को निखारने का काम करेगी। प्रियंका गांधी ने वायनाड की सभी 7 सीटों पर मिली जीत को ऐतिहासिक बताया और जनता के भरोसे को पूरी ईमानदारी से निभाने का वादा किया।
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने पश्चिम बंगाल, असम और पुदुचेरी के चुनाव नतीजों को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने बंगाल की जनता का आभार जताते हुए कहा कि वहां ममता बनर्जी के 15 साल के ‘माफिया राज’ का अंत हुआ है और डर पर भरोसे की जीत हुई है। ठाकुर ने बंगाल में भाजपा की ‘डबल सेंचुरी’ यानी 206 सीटें जीतने का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता और अमित शाह की रणनीति को दिया। उन्होंने बताया कि असम में भाजपा गठबंधन ने जीत की हैट्रिक लगाई है और 126 में से 100 से ज्यादा सीटें जीती हैं। पुदुचेरी में भी भाजपा दोबारा सरकार बनाने जा रही है। बंगाल में टीएमसी 81 सीटों पर सिमट गई है, जबकि भाजपा ने अपनी ताकत 77 सीटों से बढ़ाकर 206 कर ली है।
विजय के ड्राइवर के बेटे ने जीती विरुगमबक्कम सीट, डीएमके विधायक को हराया
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके (TVK) प्रमुख विजय के निजी ड्राइवर राजेंद्रन के बेटे आर शबरीनाथन ने विरुगमबक्कम सीट से बड़ी जीत हासिल की है। शबरीनाथन ने डीएमके के मौजूदा विधायक प्रभाकर राजा को 27,086 वोटों के अंतर से हराया। जीत के बाद शबरीनाथन ने कहा कि अब डीएमके का अंत हो गया है।
भाजपा नेता तरुण चुघ ने कांग्रेस और टीएमसी पर साधा निशाना
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों को प्रधानमंत्री मोदी के लिए जनता का आशीर्वाद बताया है। उन्होंने कहा कि बंगाल में हर तरफ अत्याचार हो रहे थे, जिसे जनता ने खत्म कर दिया। चुघ ने कांग्रेस और टीएमसी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि देश की जनता ने इनकी ‘जिहादी मानसिकता’ को हरा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये दल मुस्लिम लीग और जमात-ए-इस्लामी के साथ मिलकर विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहे थे। चुघ ने कहा कि सनातन का अपमान करने वाले अब चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, भाजपा ने 294 में से 206 सीटें जीतकर भारी बहुमत हासिल किया है। ममता बनर्जी की टीएमसी 81 सीटों पर सिमट गई है। कांग्रेस और एजेयूपी को 2-2 सीटें मिलीं, जबकि सीपीआई(एम) को केवल 1 सीट मिली।



