#uttarakhand newsउत्तराखंडक्राइम
विकासनगर में खूनी संघर्ष में भाजयुमो नेता की मौत, तनाव
विकासनगर: सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में शनिवार को पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए हिंसक संघर्ष में भाजपा युवा मोर्चा से जुड़े नेता विनोद (45) की मौत हो गई, जबकि उनके दो भाई अशोक और राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया और बड़ी संख्या में पुलिस तथा पीएसी बल तैनात कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार विनोद और उनके परिवार की पूर्व प्रधान इस्पाक के परिवार से लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी। बताया जा रहा है कि विनोद ने पूर्व प्रधान के कार्यकाल से जुड़े मामलों में सूचना का अधिकार अधिनियम (आरटीआई) के तहत कई जानकारियां मांगी थीं तथा ग्राम समाज की भूमि समेत अन्य मामलों में शिकायतें भी दर्ज कराई थीं। इसी को लेकर दोनों परिवारों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
शनिवार को विनोद और उनके भाई सरकारी ट्यूबवेल से अपने खेत में पानी लगा रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी खेत के मालिक इम्तियाज ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इम्तियाज, अमन, यूनुस, अनीस, रज्जाक समेत अन्य लोगों ने विनोद और उनके भाइयों पर धारदार एवं भारी हथियारों से हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमले के दौरान विनोद के सिर पर हथौड़े से कई वार किए गए, जबकि उनके दोनों भाइयों को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। तीनों को उपचार के लिए हरबर्टपुर स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान विनोद ने दम तोड़ दिया। अशोक और राजेश की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और अन्य संगठनों के कार्यकर्ता गांव पहुंच गए। बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। उग्र भीड़ ने धर्मस्थल और आरोपियों के मकानों की ओर बढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ स्थानों से पत्थर और कांच की बोतलें फेंके जाने की भी सूचना है। हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए किसी बड़े नुकसान को होने से रोक दिया।
वहीं कुछ संगठनों के कार्यकर्ता दून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरने पर बैठ गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। मौके पर सहसपुर, विकासनगर, सेलाकुई और कालसी थानों की पुलिस के साथ पीएसी बल भी तैनात किया गया है।
एसपी देहात पंकज गैरोला सहित वरिष्ठ अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। गांव में फिलहाल तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

विनोद हत्याकांड में बड़ा एक्शन, प्रशासन ने आरोपी के अवैध ठिकाने पर चलाया बुलडोजर, पूरे इलाके में भारी पुलिस फोर्स तैनात
देहरादून: विकासनगर के बैरागीवाला गांव में भाजपा नेता विनोद की हत्या के बाद मचे भारी बवाल के बीच प्रशासन ने बेहद सख्त कदम उठाया है। क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए और आक्रोशित ग्रामीणों की मांग के बाद, आज भारी पुलिस बल और पीएसी की मौजूदगी में आरोपी के अवैध निर्माण/ठिकाने पर सरकारी बुलडोजर गरजा है।
प्रशासन ने उपद्रव और कानून-व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पूरे क्षेत्र में एहतियातन इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर रखी हैं। पुलिस इस मामले में 4 मुख्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।



