#uttarakhand newsउत्तराखंडकाम की खबरपुरस्कार/सम्मानसरोकारसंस्कृतिसाहित्य

इंडिया ऑप्टेल में बही काव्य की रसधार

इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड की काव्य पाठ प्रतियोगिता में देशभर के कर्मचारियों ने लिया हिस्सा, दर्शन कुमार तोमर रहे प्रथम तो महेंद्र सिंह कामा व कमल उप्रेती ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान किया हासिल, दर्द गढ़वाली और कंचन नेगी रहे निर्णायक, आदित्य भारद्वाज ने किया संचालन 

देहरादून: कविता के जरिए हिंदी की महत्ता का बखान, सामाजिक विसंगतियों पर व्यंग्य और मां-पिता के प्रति भावनाओं की अभिव्यक्ति। रक्षा संस्थान से जुड़े सरकारी उपक्रम इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड में बुधवार को आयोजित काव्य पाठ प्रतियोगिता में साहित्य और संवेदनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। देशभर से संस्थान के कर्मचारियों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने हिंदी भाषा और अपने संस्थान की महत्ता पर आधारित कविताओं के माध्यम से गौरव और सम्मान की भावना व्यक्त की। वहीं, सामाजिक विसंगतियों और समसामयिक विषयों पर रचनाओं के जरिए व्यवस्था और समाज पर व्यंग्यात्मक कटाक्ष भी किए। मां और पिता के प्रति समर्पित कविताओं ने श्रोताओं के मन में भावनात्मक संवेदना जगाई।

प्रतियोगिता में दर्शन कुमार तोमर ने प्रथम स्थान हासिल किया। महेंद्र सिंह कामा और कमल उप्रेती संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि राजमोहन पांडेय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ऋषिदेव आर्य, अरुण कश्यप, मीनू बतरा, मनोज कुमार पसबोला और वीएस चौधरी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।

मुख्य निर्णायक दर्द गढ़वाली ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कविता की विधा, भाव, शब्दों की प्रभावशीलता और काव्य प्रस्तुति के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कुछ मुक्तक और ग़ज़लें भी सुनाई, जिन्हें श्रोताओं ने खूब पसंद किया।निर्णायक मंडल की सदस्य डॉ. कंचन नेगी ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उन्हें बिना संकोच अपनी रचनाएं मंच पर प्रस्तुत करने और साहित्यिक गतिविधियों में निरंतर सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का संचालन प्रभारी राजभाषा आदित्य भारद्वाज ने किया। प्रतियोगिता के माध्यम से संस्थान में हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार, साहित्यिक चेतना और कर्मचारियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि कविता केवल भावनाओं की अभिव्यक्ति ही नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों को सामने लाने और मानवीय संवेदनाओं को जीवंत बनाए रखने का सशक्त माध्यम भी है। इस अवसर पर निर्णायक मंडल के सदस्यों के साथ संस्थान के उप महाप्रबंधक एवं राजभाषा अधिकारी विवेक कौशिक भी मौजूद रहे। उन्होंने आयोजन में शामिल सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button