इबोला वायरस को लेकर उत्तराखंड में भी अलर्ट, केंद्र ने जारी की गाइडलाइन
- कांगो, युगांडा, केन्या और नाइजीरिया समेत विभिन्न देशों से आने वाले यात्रियों की हो रही निगरानी

देहरादून: अफ्रीकी देशों में इबोला संक्रमण को लेकर सामने आई चिंताओं के बीच स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और अस्पतालों की तैयारियों पर जोर दिया है। दरअसल, कांगो, युगांडा, केन्या और नाइजीरिया समेत अलग-अलग देशों में अब तक हजारों लोगों में इबोला वायरस की पुष्टि हो चुकी है। ऐसे में इन प्रभावित देशों से लौटने वाले यात्रियों को चिन्हित कर उनके स्वास्थ्य पर नजर रखने की व्यवस्था की जा रही है। इस दौरान किसी व्यक्ति में संदिग्ध लक्षण सामने आने पर उसकी जांच और चिकित्सकीय देखरेख की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
————————————
केंद्र सरकार ने इबोला को लेकर गाइडलाइन जारी की है:
इबोला वायरस को देखते हुए उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग ने केंद्र सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुरूप काम कर रहा है. इसमें इस बात पर जोर दिया गया है कि न सिर्फ इस वाइरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क रहे, बल्कि किसी संदिग्ध मामले के सामने आने पर उसकी जानकारी समय से संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों तक पहुंचाया जाए। इसके साथ ही, निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मरीज की जांच संबंधी कार्रवाई की जाएगी। इस पूरी व्यवस्था में अस्पतालों और स्वास्थ्य विभाग के बीच समन्वय की भूमिका अहम रहेगी। संदिग्ध मरीज की शुरुआती पहचान और संक्रमण की अंतिम पुष्टि अलग-अलग चरण हैं। इसलिए किसी व्यक्ति में बीमारी की आशंका होने पर उसको संक्रमित नहीं माना जा सकता। अस्पतालों में संदिग्ध स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जांच और देखभाल की प्रक्रिया बिना अनावश्यक देरी के आगे बढ़ाई जाए।
इबोला वायरस को लेकर पिछले महीने, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की थी। साथ ही तमाम जरूरी दिशा निर्देश भी दिए थे। इसके बाद उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग भी इबोला वायरस को लेकर अलर्ट हो गया है और इसके बचाव के साथ ही रोकथाम के लिए तमाम व्यवस्थाएं मुकम्मल की हैं, जिसके तहत, एम्स ऋषिकेश को संदिग्ध और संक्रमित मरीजों के लिए डेडिकेटेड आइसोलेशन अस्पताल नामित किया गया है। सरकारी और निजी अस्पतालों को भी विभाग के दिशा-निर्देशों के आधार पर तैयारियां रखने को कहा गया है। इसके लक्षण आम बुखार के तरह ही हैं, साथ ही बॉडी में रेशेज का आना भी शामिल है। हालांकि, ये लक्षण ड्राई इबोला के हैं, लेकिन वेट इबोला में डायरिया, इंटरनल ब्लीडिंग समेत तमाम लक्षण देखने को मिलते हैं। साथ ही बताया कि इस संक्रमण में मृत्यु दर काफी अधिक है. ऐसे में बचाव ही इसका उपचार है।
—————————-
इबोला वायरस के लक्षण:
इबोला संक्रमण के बाद इसके लक्षण दिखाई देने में 2 से 21 दिन लग सकते हैं। सिर्फ लक्षण के आधार पर इबोला की पुष्टि नहीं हो सकती, क्योंकि दूसरी बीमारियों में भी इसके जैसे मिलते-जुलते लक्षण होते हैं। फिर इबोला संक्रमण में शुरुआती दौर में अचानक बुखार, तेज थकान, कमजोरी, मांसपेशियों में दर्द, सिरदर्द और गले में खराश जैसे लक्षण हो सकते हैं. संक्रमण बढ़ने पर उल्टी, दस्त, पेट दर्द और त्वचा पर चकत्ते जैसे लक्षण सामने आ सकते हैं।
—————————
राज्य सरकार भी कर रही तैयारी
इबोला को लेकर केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुरूप राज्य स्तर पर भी तैयारियां की जा रही हैं। निगरानी, संदिग्ध मरीजों के प्रबंधन और अस्पतालों की व्यवस्था से जुड़े निर्देशों के पालन पर जोर दिया गया है। अस्पतालों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि जरूरत पड़ने पर व्यवस्थाओं का इस्तेमाल किया जा सके। प्रभावित देशों से आने वाले लोगों की निगरानी और अस्पतालों की तैयारी एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। निगरानी के दौरान किसी यात्री में संदिग्ध स्थिति सामने आती है, तो आगे की जांच और देखभाल के लिए अस्पताल की व्यवस्था सक्रिय होगी। इसी क्रम को व्यवस्थित रखने के लिए अलग-अलग स्तर पर तैयारियां मजबूत की जा रही हैं।
-सुनीता टम्टा, डीजी, हेल्थ
—————–
सीनियर फिजिशियन क्या कहते हैं:
इबोला एक तरह का वायरस है जो मिडिल अफ्रीकन कंट्री में फैला हुआ है। ऐसे में जो एडवाइजरी जारी की है उसके अनुसार अगर कोई व्यक्ति इन देशों से आता है और उसमें लक्षण है, तो उसकी स्क्रीनिंग की जा रही है। साथ ही उस व्यक्ति को क्वारंटाइन में रखा जाएगा, ताकि वायरस स्प्रेड न करे।
-डॉ. विवेकानंद सत्यावली, सीनियर फिजिशियन, दून अस्पताल
————————-
चाइल्ड स्पेशलिस्ट की सलाह:
बच्चे सीधे इबोला वायरस के चपेट में नहीं आते हैं। एडल्ट के संक्रमित होने के चलते ही बच्चों के संक्रमित होने की संभावना बढ़ जाती है। इबोला वायरस, जानवरों से फैलता है. मुख्य रूप से इसके लक्षण बुखार, डायरिया है। मलेरिया के बुखार की तरह ही संक्रमित व्यक्ति में बुखार देखा जाता है। इसके चलते डायग्नोसिस करने में काफी दिक्कतें होती हैं। खासकर, बच्चे काफी अधिक सेंसिटिव होते हैं, जिसके चलते इनमें इंटरनल ब्लीडिंग जैसे मामले भी देखे जाते हैं।
-डॉ. अशोक कुमार, चाइल्ड स्पेशलिस्ट, दून अस्पताल
————————
इबोला वायरस को लेकर उत्तराखंड की तैयारी: उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित देशों से लौटने वालों की 21 दिन तक निगरानी की व्यवस्था की है। निगरानी में रखे गए यात्रियों के नाम, पते और मोबाइल नंबर का रिकॉर्ड रखने की व्यवस्था की गई है। एम्स ऋषिकेश को इबोला के संदिग्ध या पुष्ट मामलों के लिए समर्पित आइसोलेशन अस्पताल बनाया गया है। अस्पतालों में अलग आइसोलेशन व्यवस्था, डेडीकेटेड एंबुलेंस, प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी और जरूरी चिकित्सा उपकरण उपलब्ध रखने पर जोर दिया गया है।
इसके साथ ही स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए पीपीई किट, एन-95 मास्क और अन्य सुरक्षा सामग्री की व्यवस्था पर जोर दिया गया है। जिला स्तरीय रैपिड रिस्पांस टीम को सक्रिय किया गया है, ताकि संदिग्ध मामला सामने आने पर तत्काल कार्रवाई हो सके। प्रभावित देशों से आने वाले अन्य यात्रियों की जानकारी के लिए विमानपत्तन प्राधिकरण के साथ समन्वय बनाया गया।
—————————
इबोला से कैसे करें बचाव:
सबसे पहले तो संदिग्ध या संक्रमित व्यक्ति के सीधे संपर्क में आने से बचना चाहिए। ये सावधानी इसलिए जरूरी है क्योंकि संदिग्ध या संक्रमित व्यक्ति के संपर्क से दूषित कपड़े, बिस्तर और दूसरी वस्तुएं भी संक्रमण का जरिया बन सकती हैं। ऐसे में हाथों की नियमित और अच्छी तरह सफाई करने की जरूरत होती है। संदिग्ध मरीज की देखभाल बिना उचित सुरक्षा उपकरणों के न करें। इसके साथ ही स्वास्थ्यकर्मियों को निर्धारित संक्रमण नियंत्रण नियमों और व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल करना चाहिए।



