उत्तराखंड में 23 प्रत्याशी करोड़पति
भाजपा प्रत्याशी माला राज्य लक्ष्मी शाह देश में चौथे नंबर की अमीर प्रत्याशी

देहरादून: उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव लड़ रहे 55 प्रत्याशियों में से 23 करोड़पति हैं। माला राज्य लक्ष्मी शाह देश के शीर्ष 10 अधिकतम संपत्ति वाले प्रत्याशियों में चौथे स्थान पर हैं, जबकि गढ़वाल सीट से चुनाव लड़ रहीं रेशमा पंवार राज्य की सबसे गरीब उम्मीदवार हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की ताजा रिपोर्ट में ये खुलासा हुआ है। एडीआर ने पहले चरण के लोकसभा चुनाव में दम दिखा रहे 1618 प्रत्याशियों के शपथपत्रों का विश्लेषण किया। इनमें से 252 ने आपराधिक माम दलले घोषित किए हैं। राज्य में 55 प्रत्याशियों में से सात ने आपराधिक और इनमें से छह ने गंभीर आपराधिक मामलों की घोषणा की है।
देश के अधिकतम संपत्ति वाले प्रत्याशियों में टिहरी से प्रत्याशी माला राज्य लक्ष्मी शाह देश में चौथे स्थान पर हैं। 716 करोड़ के साथ मध्य प्रदेश के नकुलनाथ पहले पायदान पर हैं। माला ने नामांकन में कुल संपत्ति 206 करोड़ रुपये बताई है। इसमें 55 करोड़ 30 लाख 39 हजार 424 की चल संपत्ति और 151 करोड़ 57 लाख की अचल संपत्ति शामिल है। आयकर विवरणी के हिसाब से देश के शीर्ष 10 वार्षिक आय वाले प्रत्याशियों में भी माला राज्य लक्ष्मी शाह चौथे नंबर पर हैं। उन्होंने 2022-23 के लिए पति और अपनी कुल आय सात करोड़ रुपये बताई है, जिसमें उनकी खुद की आय 23 लाख रुपये सालाना है।
रेशमा सबसे गरीब प्रत्याशी
गढ़वाल लोकसभा सीट पर सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) की प्रत्याशी रेशमा पंवार राज्य की सबसे गरीब प्रत्याशी हैं। रेशमा ने अपने नामांकन में कुल आय 4,764 रुपये घोषित किया है। उनके पास कोई अचल संपत्ति नहीं है।
इन सात प्रत्याशियों पर आपराधिक मामले
नाम आपराधिक मामले
बॉबी पंवार 08
उमेश कुमार 04
आशुतोष नेगी 07
धीर सिंह 05
जमील अहमद 03
नवनीत सिंह गुसाईं 01
अखलेश कुमार 01