#uttarakhand newsउत्तराखंडशोक/श्रद्धांजलि

यमुना में डूबने से अल्मोड़ा के अग्निवीर की मौत

राधाष्टमी पर परिवार के साथ ब्रज दर्शन को पहुंचे थे, जुगल घाट पर स्नान के दौरान हुआ हादसा

मथुरा/अल्मोड़ा: राधाष्टमी के पावन पर्व पर परिवार के साथ ब्रज दर्शन के लिए पहुंचे अल्मोड़ा निवासी 19 वर्षीय अग्निवीर हर्ष बिष्ट की यमुना नदी में डूबने से मौत हो गई। रविवार सुबह वृंदावन के जुगल घाट पर स्नान के दौरान हुए हादसे के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने सर्च अभियान चलाया। सोमवार सुबह कड़ी मशक्कत के बाद जुगल घाट के आसपास से हर्ष का शव बरामद कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार, हर्ष अपनी दोनों बहनों भारती और बबीता तथा ममेरे भाई गौरव के साथ ब्रज यात्रा पर आए थे। परिवार ने बरसाना और नंदगांव में दर्शन करने के बाद रविवार सुबह वृंदावन पहुंचकर जुगल घाट का रुख किया। करीब नौ बजे हर्ष यमुना में स्नान करने उतरे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में सर्च अभियान शुरू किया। रविवार को काफी प्रयासों के बावजूद हर्ष का पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह टीम ने जुगल घाट के पास से उनका शव बरामद कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एक साल पहले बने थे अग्निवीर :
बताया गया कि हर्ष करीब एक वर्ष पहले भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में भर्ती हुए थे और वर्तमान में जयपुर में तैनात थे। वह परिवार में अपनी दोनों बहनों के इकलौते भाई थे। परिजनों के अनुसार, उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। ऐसे में हर्ष परिवार का प्रमुख सहारा थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जवान बेटे को खोने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button