
नई दिल्ली/देहरादून: प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित आईटीसी मौर्य, कमल महल में पेरू गणराज्य के 203वें स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग कर पेरू के राजदूत जेवियर मैनुअल पॉलिनिच वेलार्डे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। महाराज ने कहा कि उत्तराखंड और पेरू के वातावरण में काफी समानता है और वहां की फसलें उत्तराखंड में उगाकर किसानों की आय में काफी इजाफा किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि पेरू दक्षिणी अमरीका महाद्वीप में स्थित एक देश है, जिसकी राजधानी लीमा है। यहां लामा और अल्पाका जैसे भेड़ के समान पालतू जानवरों से भरपूर मात्रा में ऊन पाई जाती है। जलवायु के लिहाज से उत्तराखंड के लिए भी यह जानवर बेहद लाभकारी है।
महाराज ने कहा कि पेरू दक्षिण अमेरिका और दुनिया भर में सबसे पसंदीदा पाक स्थलों में से एक है। पेरू के रेस्तराँ अधिक से अधिक यादगार व्यंजन परोसते हैं, खाने के शौकीन और शेफ़ इस क्षेत्र में आते रहते हैं। पेरू की अनूठी फसलों की विस्तृत श्रृंखला। पेरू का कृषि उद्योग हज़ारों प्रकार के खाद्य पदार्थों का उत्पादन करता है। उत्तराखंड और वहां के वातावरण में काफी समानताएं हैं। इसीलिए हम उन फसलों का उत्पादन अपने पर्वतीय क्षेत्रों में करके किसानों की आय में कई गुना इजाफा कर सकते हैं।