झड़ीपानी के पास कार खाई में गिरी, चार की मौत
देहरादून: पहाड़ों की रानी मसूरी में एक बड़ा हादसा हो गया। मसूरी-कोलूखेत झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। कार में चार लोग सवार थे, मौके से रेस्क्यू टीमो द्वारा चारों के शव निकाले गए हैं।
प्रथम दृष्टया तेज ढलान पर कार के ब्रेक फेल हो जाने के कारण कार का अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिरना बताया गया है। घटना के संबंध में कार सवार व्यक्तियों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
कोतवाली मसूरी से मिली जानकारी के अनुसार सुबह 09:16 बजे थाना मसूरी पर सूचना प्राप्त हुई कि झड़ीपानी रोड चौकी बार्लोगंज मसूरी क्षेत्र में तीव्र ढलान में एक छोटी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई हैं। सूचना पर कोतवाली मसूरी से पुलिस टीम तत्काल मौके पर रवाना हुई। मौके पर पुलिस द्वारा SDRF तथा फायर टीम के साथ मिलकर बचाव कार्य चलाया गया।
स्थानीय लोगों से पूछताछ करने पर ज्ञात हुआ की एक मारुति सिलेरियो कार संख्या- DL5CS4610 रोड की ढलान पर संभवतः ब्रेक फेल होने की वजह से तेजी से अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी,उससे पूर्व उनके द्वारा नजदीक की दुकान पर कुछ सामान खरीदा गया था और बातचीत में उत्तरकाशी से आना बताया था।
सामान लेकर जैसे ही कार सवार कार में बैठे तो कार ढलान की तरफ सड़क पर तेजी से जाने लगी और फिर खाली प्लाट से होते हुए गहरी खाई में गिर गई। एसडीआरएफ द्वारा दुर्गम एवं ढलानों के बीच राहत एवं बचाव कार्य संचालित किया गया। पुलिस के अनुसार चारों की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। टीमों द्वारा मृतकों के शवों को गहरी खाई से निकालकर मुख्य सड़क मार्ग तक लाने का कार्य किया जा रहा है।
मृतकों की सूची
सत्यप्रकाश, निवासी सोनीपत, हरियाणा
मानित, उम्र 19 वर्ष, निवासी गाजियाबाद
सविता, उम्र 48 वर्ष, पत्नी धर्मवीर, निवासी गाजियाबाद
संगीता, उम्र 46 वर्ष, पत्नी टीटू, निवासी करोलबाग, दिल्ली



