मुख्यमंत्री धामी ने देहरादून और हरिद्वार में विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपए किए स्वीकृत
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा जनपद हरिद्वार में पुलिस चौकी सुल्तानपुर के प्रशासनिक भवन का निर्माण किए जाने हेतु ₹ 241.48 लाख के सापेक्ष प्रथम किस्त में ₹ 96.59 लाख की धनराशि स्वीकृत किए जाने के साथ ही जनपद देहरादून के न्यू कैंट मार्ग में 1.650 किमी मार्ग को 02 लेन से 03 लेन में अपग्रेड करने हेतु यूटिलिटी शिफ्टिंग व वाटर सप्लाई लाईन की शिफ्टिंग कार्य हेतु ₹ 11.95 करोड़ की योजना स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री द्वारा सिंचाई विभाग के अन्तर्गत कुंभ मेला-2027 के तहत हरिद्वार ज़िले में चंडी घाट के डाउनस्ट्रीम, गौरीशंकर इलाके में गंगा नदी के बाएं किनारे पर घाट और आस्था पथ का निर्माण किए जाने हेतु ₹ 98.18 करोड़ तथा चंडी घाट के डाउनस्ट्रीम, बैरागी कैंप क्षेत्र में गंगा नदी के दाहिने किनारे पर घाट और आस्था पथ का निर्माण किए जाने हेतु ₹ 115.91 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री द्वारा उत्तराखण्ड राज्य के भूतपूर्व सैनिकों के आश्रित छात्र-छात्राओं को इंजीनियरिंग, मेडिकल एवं पी.एच.डी. की शिक्षा हेतु छात्रवृत्ति के भुगतान हेतु कारगिल शहीद परिवार मुख्यमंत्री सहायता कोष से ₹ 36.84 लाख की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सार्वजनिक निकाय/उपक्रमों में सिविल/पारिवारिक पेंशनरों को इसी साल 01 जनवरी से महंगाई राहत की वर्तमान दर को बढ़ाकर 60 प्रतिशत प्रतिमाह किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।



